5
(2)

@ 13 अक्टूबर तक सैंडिस कंपाउंड और खेल भवन में होंगे मुकाबले, भागलपुर-बांका के खिलाड़ी ले रहे हिस्सा।

प्रदीप विद्रोही

भागलपुर। प्रमंडल स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन 11 से 13 अक्टूबर तक भागलपुर में किया जा रहा है। खेल विभाग, बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना और जिला प्रशासन, भागलपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में भागलपुर और बांका जिले के खिलाड़ी विभिन्न खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं। प्रतियोगिताओं में एथलेटिक्स, साइक्लिंग, हैंडबॉल, कबड्डी, खो-खो और बैडमिंटन के मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं। खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर चयनित प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा।

CREATOR: gd-jpeg v1.0 (using IJG JPEG v62), default quality?

एथलेटिक्स में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों का प्रदर्शन

एथलेटिक्स स्पर्धाओं में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 बालक-बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने दौड़ और शॉट पुट में हिस्सा लिया। अंडर-19 बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में कृषिका कुमारी, 200 मीटर में सोनम कुमारी, 400 मीटर में प्रीति कुमारी और 800 मीटर में पुष्पा कुमारी ने प्रथम स्थान हासिल किया। 3000 मीटर दौड़ में अंकु सिंह और शॉट पुट में शालिनी कुमारी विजेता रहीं।

अंडर-19 बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में चेतन आनंद, 800 मीटर में अंकित कुमार और 5000 मीटर में अरविंद कुमार ने पहला स्थान प्राप्त किया। अंडर-17 बालिका वर्ग में 100 मीटर दौड़ में श्वेता कुमारी, 200 मीटर में बांका की ममता बेसरा और 400, 800 तथा 1500 मीटर दौड़ में साक्षी कुमारी ने प्रथम स्थान हासिल किया। इसी वर्ग के शॉट पुट में रुद्रप्रिया चतुर्वेदी विजेता रहीं।

अंडर-17 बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में बादल कुमार, 200 मीटर में आरुष कुमार और 800 मीटर में महाराज कुमार प्रथम रहे। शॉट पुट में आर्यन कुमार ने पहला स्थान प्राप्त किया।

अंडर-14 बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में दुर्गा कुमारी, 200 मीटर में सांची कुमारी, 400 मीटर में सोनम कुमारी और 600 मीटर में पल्लवी कुमारी विजेता बनीं। शॉट पुट में अंजली कुमारी ने प्रथम स्थान हासिल किया। अंडर-14 बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में समीर कुमार सिंह, 200 मीटर में पीयूष कुमार, 400 मीटर में समीर कुमार सिंह और 600 मीटर में पीयूष कुमार ने पहला स्थान प्राप्त किया।

साइक्लिंग में भागलपुर और बांका के खिलाड़ियों ने दिखाया दम

साइक्लिंग प्रतियोगिता के अंडर-14 बालिका वर्ग में खुशबू, बालक वर्ग में अभिलेख राज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अंडर-17 बालिका वर्ग में रुचि कुमारी और बालक वर्ग में देव कुमार विजेता रहे। अंडर-19 बालिका वर्ग में सुष्मिता कुमारी तथा बालक वर्ग में मलिक कुमार ने पहला स्थान हासिल किया।

कबड्डी में भागलपुर का दबदबा, अंडर-17 बालक वर्ग में बांका जीता

कबड्डी प्रतियोगिता में भागलपुर की टीम ने अधिकांश वर्गों में जीत दर्ज की। अंडर-14 बालक वर्ग में भागलपुर ने बांका को 31 अंकों से हराया, जबकि अंडर-19 बालक वर्ग में 14 अंकों से जीत हासिल की। अंडर-17 बालक वर्ग में बांका ने भागलपुर को तीन अंकों से पराजित किया।

बालिका वर्ग में भागलपुर ने अंडर-14 और अंडर-17 मुकाबले 18-18 अंकों से तथा अंडर-19 मुकाबला 13 अंकों से जीता।

हैंडबॉल में बांका और भागलपुर ने बांटे मुकाबले

हैंडबॉल प्रतियोगिता में अंडर-14 बालिका वर्ग में बांका ने भागलपुर को 3-0 से हराया। अंडर-17 वर्ग में भागलपुर ने बांका को 4-0 से पराजित किया, जबकि अंडर-19 वर्ग में बांका ने 1-0 से जीत दर्ज की। प्रतियोगिता का उद्घाटन टीएमबीयू स्पोर्ट्स काउंसिल, भागलपुर से जुड़े डॉ. विपिन कुमार मंडल ने किया।

खो-खो और बैडमिंटन में भी खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

खो-खो के अंडर-17 और अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्गों में भागलपुर की टीम विजेता रही। प्रतियोगिता के संचालन में संयोजक अंजन कुमार, राकेश कुमार मंडल, गोविंद कुमार, राकेश कुमार और जिला खो-खो सचिव मानस कुमार की भूमिका रही। निर्णायक रजनीश कुमार सहित अन्य खेलकर्मी भी मौजूद रहे।

बैडमिंटन के अंडर-14 बालक वर्ग में अर्नव कुमार मिश्रा और बालिका वर्ग में आराध्या सिंह प्रथम रहीं। अंडर-17 बालक वर्ग में ऋषभ सिन्हा तथा बालिका वर्ग में कनिका कश्यप ने जीत हासिल की। अंडर-19 बालक वर्ग में सक्षम शौर्य और बालिका वर्ग में तनु शुक्ला विजेता बनीं। अंडर-19 बालिका वर्ग में बांका की आस्था कुमारी ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए होगा चयन

विद्यालय खेल प्रतियोगिता का उद्देश्य स्कूली स्तर पर खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। जिला जनसंपर्क कार्यालय के अनुसार, चयनित खिलाड़ी आगामी दिनों में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: