
पूर्णिया। शारदीय नवरात्र के अवसर पर पूर्णिया शहर में दुर्गा पूजा और सांस्कृतिक आयोजनों को लेकर उत्साह का माहौल है। इसी क्रम में शनिवार की रात महापौर विभा कुमारी ने सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति, मरंगा पश्चिम में दीप प्रज्वलित कर एवं फीता काटकर दुर्गा पूजा मेले का शुभारंभ किया। वहीं, सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति, मां शीतला मंदिर प्रांगण, कोरठबाड़ी में बच्चों द्वारा आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी दीप प्रज्वलित कर एवं फीता काटकर उद्घाटन किया।

इस दौरान महापौर ने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर समस्त नगरवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। दोनों स्थानों पर धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक उल्लास का माहौल देखने को मिला। कोरठबाड़ी स्थित मां शीतला मंदिर परिसर में बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आयोजन को और भी आकर्षक बना दिया।
इस अवसर पर महापौर विभा कुमारी ने कहा कि दुर्गा पूजा केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव और भाईचारे का प्रतीक भी है। ऐसे आयोजनों से समाज के लोगों को एक-दूसरे के करीब आने तथा अपनी संस्कृति और परंपराओं को सहेजने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम हैं। ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों की प्रतिभा को मंच मिलता है और उनका आत्मविश्वास भी बढ़ता है। महापौर ने पूजा समितियों एवं आयोजन से जुड़े लोगों की सराहना करते हुए कहा कि त्योहारों का वास्तविक आनंद तभी है, जब सभी लोग मिल-जुलकर प्रेम, सद्भाव और भाईचारे के साथ उत्सव मनाएं। उन्होंने मां दुर्गा से सभी के जीवन में सुख-समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की।

मरंगा पश्चिम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मेला समिति के अध्यक्ष पोरस कुमार, सचिव ऋतुराज यादव, कोषाध्यक्ष वशिष्ठ यादव, अनिल कुमार, कृष्णा कुमार, मनीष कुमार, नागेंद्र कुमार, चंद्रशेखर कुमार, विजय कुमार, वेदानंद ठाकुर, दिनेश यादव, अंजन महलदार, सुरेंद्र यादव, अरुण यादव, विमल यादव, प्रभात कुमार, अमर जीवन, मनोज झा, अमित महलदार और संग्राम कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
वहीं, कोरठबाड़ी स्थित मां शीतला मंदिर परिसर में उपमहापौर पल्लवी गुप्ता, मंदिर समिति के अध्यक्ष सुरेश कुमार सिंह, सचिव आलोक कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष रामचंद्र शर्मा, वार्ड पार्षद अमित कुमार सोनी, पार्षद प्रतिनिधि रहीम अंसारी, रोशन सिंह, संजीव झा, बमबम सिंह, अजीत पाठक, मनोज कुमार सिंह, रोशन झा और लड्डू जी सहित समिति के सदस्य एवं स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे।















