
रंजन कुमार और किरण देवी हत्याकांड में सभी आरोपितों की गिरफ्तारी, स्पीडी ट्रायल और पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की उठाई मांग
नवगछिया। अनुमंडल क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए भाकपा माले के नेताओं ने अनुमंडल पदाधिकारी परीक्षित से मुलाकात कर अपराध पर प्रभावी रोक लगाने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। इस संबंध में नेताओं ने एसडीओ को आवेदन सौंपा।
आवेदन में कहा गया है कि पिछले एक महीने के दौरान नवगछिया अनुमंडल क्षेत्र में करीब 7 हत्याओं की घटनाएं सामने आई हैं। इससे आम लोगों के बीच भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। नेताओं ने प्रशासन से आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

कई आपराधिक घटनाओं का किया उल्लेख
आवेदन में रंगरा प्रखंड के सधुवा गांव में स्नातक की छात्रा नेहा कुमारी की गोली मारकर हत्या, एक मासूम बच्चे और एक विधवा महिला की हत्या, एक महिला का शव लटकाए जाने तथा झालमुड़ी दुकानदार रंजन कुमार और उनकी पत्नी किरण देवी की गोली मारकर हत्या की घटनाओं का उल्लेख किया गया है। इसके अलावा एक महिला को गोली मारकर घायल किए जाने की घटना पर भी चिंता जताई गई है।
पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजे और नौकरी की मांग
भाकपा माले के नेताओं ने रंजन कुमार और किरण देवी हत्याकांड के सभी आरोपितों को गिरफ्तार करने, मामले का स्पीडी ट्रायल कराने और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की है। नेताओं ने दंपती के अनाथ पुत्र-पुत्री के भरण-पोषण के लिए 20 लाख रुपये मुआवजा देने तथा परिवार के एक पात्र सदस्य को सरकारी नौकरी उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई।

वहीं, नेहा कुमारी के परिजनों को 10 लाख रुपये मुआवजा देने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई है। नेताओं ने प्रशासन से इन मांगों पर गंभीरता से विचार करने तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत कर आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा कायम करने की अपील की।















