
151वीं जयंती पर विधायक ने पटेल स्मारक पर किया माल्यार्पण, स्मारक के सौंदर्यीकरण को और विस्तार देने की घोषणा
पूर्णिया। लौह पुरुष भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर पूर्णिया सदर विधायक विजय खेमका ने भट्ठा बाजार स्थित पटेल स्मारक पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर विधायक ने सरदार पटेल के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने 562 से अधिक रियासतों का भारतीय संघ में एकीकरण कर अखंड भारत की मजबूत नींव रखी।

विधायक विजय खेमका ने कहा कि सरदार पटेल केवल महान स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि आधुनिक भारत के प्रमुख राष्ट्र निर्माताओं में भी शामिल थे। आजादी के बाद देश के सामने सबसे बड़ी चुनौती अलग-अलग रियासतों को एक सूत्र में बांधकर एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण करना था। सरदार पटेल ने अपने साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति, कुशल नेतृत्व और दूरदर्शिता से इस ऐतिहासिक कार्य को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का जीवन राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने, अनुशासन और सामूहिक प्रयास की प्रेरणा देता है। विधायक ने यह भी कहा कि आजादी के बाद सरदार पटेल को देश का प्रथम प्रधानमंत्री बनाया जाना चाहिए था या नहीं, इस विषय पर आज भी चर्चा होती है।
पटेल स्मारक के सौंदर्यीकरण को मिलेगा विस्तार
विधायक ने बताया कि भट्ठा बाजार स्थित सरदार पटेल स्मारक का सौंदर्यीकरण विधायक निधि से कराया गया है। स्मारक को और अधिक भव्य, आकर्षक एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए आगे भी आवश्यक विकास और सौंदर्यीकरण के कार्य कराए जाएंगे।

कार्यक्रम में करुणा झा, राजेश चौरसिया, पवन राय, मनोज सिंह, उषा दास, गौरव चंद्रवंशी, सुलोचना झा, राजेश जैन, अमरेश चौधरी, बंटी मेहता, बादशाह खां, तेजस्वी यादव, अजीत सिंह, उमेश दास, डॉ. सच्चिदानंद सिंह, डॉ. राजकिशोर सिंह, मुकेश साह, सुरेश दास और कुणाल दास सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।















