
महापौर विभा कुमारी और अमनौर विधायक मंटू पटेल ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि, एकता और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को अपनाने का आह्वान
पूर्णिया। पटेल चौक, भट्ठा बाजार में शनिवार को पटेल विचार मंच की ओर से लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती समारोहपूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्णिया की महापौर विभा कुमारी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में अमनौर विधायक कृष्ण कुमार उर्फ मंटू पटेल शामिल हुए। समारोह की अध्यक्षता पटेल विचार मंच के अध्यक्ष श्रीप्रसाद महतो ने की।
कार्यक्रम के दौरान विधायक मंटू पटेल, महापौर विभा कुमारी और अन्य अतिथियों ने सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

एकता और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देते हैं सरदार पटेल : महापौर
समारोह को संबोधित करते हुए महापौर विभा कुमारी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का संपूर्ण जीवन देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पित रहा। उन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और नेतृत्व क्षमता से देश की सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का जीवन एकता, समर्पण और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता है। आज आवश्यकता है कि उनके विचारों और आदर्शों को अपने जीवन में अपनाया जाए।
आधुनिक भारत के निर्माण में योगदान अविस्मरणीय : मंटू पटेल
अमनौर विधायक कृष्ण कुमार उर्फ मंटू पटेल ने कहा कि सरदार पटेल केवल स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि आधुनिक भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले महान व्यक्तित्व थे। देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने में उनका योगदान सदैव याद किया जाएगा। उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने सामाजिक एकता और राष्ट्रीय एकजुटता को मजबूत करने का आह्वान किया।

युवाओं से राष्ट्र निर्माण में भागीदारी की अपील
पटेल विचार मंच के अध्यक्ष श्रीप्रसाद महतो ने कहा कि मंच प्रत्येक वर्ष सरदार पटेल की जयंती मनाकर उनके विचारों और योगदान को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास करता है। उनका जीवन आपसी भाईचारे, एकता और संगठन की शक्ति का संदेश देता है। युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी निभानी चाहिए।
कार्यक्रम में रुपौली नगर पंचायत के मुख्य पार्षद निरंजन मंडल, पटेल विचार मंच के संयोजक डॉ. राजराजेश्वरी शरण, सच्चिदानंद राय, मुन्ना कुमार राय, पंकज कुमार भगत, प्रदीप कुमार साह, हरदेव मेहता, रुपेश कुमार, योगेंद्र राय, महेंद्र कामती, पवन कुमार रम्मानी, गोपाल ठाकुर, बैजनाथ कुमार मंडल, दीपक कुमार, वार्ड पार्षद स्वपन घोष, राकेश राय सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।















