
स्थानीय कलाकारों की कलाकृतियों की होगी प्रदर्शनी और बिक्री, मंजूषा कला को संरक्षण देने के साथ कलाकारों को मिलेगा बाजार
भागलपुर। अंग प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्राचीन लोकचित्रकला मंजूषा कला के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से रविवार, 1 नवंबर 2026 को भागलपुर संग्रहालय परिसर में छठी मंजूषा हटिया का आयोजन किया जाएगा। कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार, जिला प्रशासन और भागलपुर संग्रहालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में दोपहर 1:30 बजे से शाम 5 बजे तक स्थानीय कलाकारों की विभिन्न कलाकृतियों की प्रदर्शनी और बिक्री होगी।

मंजूषा हटिया के माध्यम से स्थानीय कलाकारों को अपनी कला प्रदर्शित करने और सीधे कला प्रेमियों एवं खरीदारों तक पहुंचने का अवसर मिल रहा है। प्रत्येक माह के प्रथम रविवार को आयोजित होने वाली यह पहल पारंपरिक लोककलाओं को आम लोगों से जोड़ने के साथ कलाकारों को बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
इस बार की हटिया में दीपावली और छठ महापर्व से प्रेरित कलाकृतियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। कलाकारों ने इन दोनों पर्वों की सांस्कृतिक परंपराओं और लोकमान्यताओं को मंजूषा चित्रशैली में उकेरते हुए विशेष कलाकृतियां तैयार की हैं। प्रदर्शनी में पारंपरिक मंजूषा चित्रों के साथ समकालीन प्रयोगों और नए विचारों पर आधारित कलात्मक उत्पाद भी देखने को मिलेंगे।
कार्यक्रम की संयोजक युवा मंजूषा कलाकार अर्पणा किशोर और वरिष्ठ कलाकार प्रियंबदा प्रियदर्शिनी हैं। दोनों कलाकार स्थानीय कलाकारों की सहभागिता सुनिश्चित करने और प्रदर्शनी को व्यवस्थित रूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

आयोजन का उद्देश्य केवल कलाकृतियों की बिक्री करना नहीं, बल्कि लोककलाओं को आम लोगों के दैनिक जीवन से जोड़ना, नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना और कलाकारों को आत्मनिर्भर बनने के अवसर उपलब्ध कराना भी है। इसके माध्यम से मंजूषा कला में पारंपरिक शैली के साथ नए प्रयोगों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी अंकित रंजन ने कला प्रेमियों, शहरवासियों और आम नागरिकों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने लोगों से स्थानीय कलाकारों की कलाकृतियों को देखने, उनसे सीधे खरीदारी करने और अंग प्रदेश की गौरवशाली लोककला के संरक्षण एवं संवर्धन में सहभागी बनने का आग्रह किया है।
कार्यक्रम का विवरण
दिनांक : 1 नवंबर 2026, रविवार
समय : दोपहर 1:30 बजे से शाम 5 बजे तक
स्थान : भागलपुर संग्रहालय परिसर, भागलपुर।















