
विद्यार्थियों ने रामायण के आदर्शों के माध्यम से दिया मर्यादा, त्याग, प्रेम, सेवा और भाईचारे का संदेश
नवगछिया। दीपावली के पावन अवसर पर पोस्ट ऑफिस रोड स्थित बाल भारती परिसर में भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और भारतीय संस्कृति को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से भव्य राम दरबार की झांकी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और भगवान हनुमान की मनमोहक झांकी प्रस्तुत की गई। झांकी ने विद्यालय परिवार के सदस्यों और उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम में विद्यालय के सचिव अभय प्रकाश मुनका, प्राचार्य कौशल किशोर जायसवाल सहित शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों और विद्यालय के अन्य कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्राओं ने भी कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से रामायण के आदर्शों एवं भारतीय संस्कृति का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े आदर्शों, मर्यादा, त्याग, प्रेम, सेवा और भाईचारे के महत्व को प्रस्तुत किया। पूरा विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत ‘राम आएंगे, राम आएंगे’ नृत्य ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया और खूब सराहना बटोरी।

विद्यालय के सचिव अभय प्रकाश मुनका एवं प्राचार्य कौशल किशोर जायसवाल ने कार्यक्रम के आयोजन और विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजनों से विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, धार्मिक एवं सांस्कृतिक चेतना तथा अच्छे संस्कारों का विकास होता है। ऐसे कार्यक्रम बच्चों को अपनी परंपरा और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का माध्यम बनते हैं।
कार्यक्रम का समापन भगवान श्रीराम की आरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।















