5
(1)

प्रशिक्षक जेम्स फाइटर ने बताया उपलब्धि को नवगछिया के लिए गौरव की बात, परिजनों और खेल जगत के लोगों ने दी बधाई

नवगछिया। बिहार सरकार के खेल विभाग की ओर से पटना में आयोजित राज्य स्तरीय विद्यालय ताइक्वांडो प्रतियोगिता 2026-27 में नवगछिया की खिलाड़ी अनन्या वात्सल्य ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। अंडर-19 बालिका वर्ग के 59 से 63 किलोग्राम भार वर्ग में भागलपुर जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए अनन्या ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का परिचय दिया।

अनन्या की इस उपलब्धि से नवगछिया सहित पूरे भागलपुर जिले में खुशी का माहौल है। उनके प्रशिक्षक एवं अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी जेम्स फाइटर ने कहा कि अनन्या की सफलता नवगछिया और भागलपुर जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि अनन्या इससे पहले भी कई राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर नवगछिया का नाम रोशन कर चुकी हैं।

पदक जीतने पर अनन्या के पिता संजय कुमार सुमन और माता कुमारी चित्रलेखा ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। परिवार के सदस्यों ने अनन्या के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस उपलब्धि पर जिला खेल पदाधिकारी शमीम अंसारी, आमिर खान, जिला ताइक्वांडो महासचिव घनश्याम प्रसाद, संयुक्त सचिव जेम्स फाइटर, नवगछिया खेल संघ के अध्यक्ष रामदेव प्रसाद यादव, नगर परिषद सभापति प्रीति कुमारी, समाजसेवी प्रेमसागर उर्फ डब्लू यादव, मुन्ना भगत, शिक्षाविद रामकुमार साहू, सुमित कुमार साहू, विधान परिषद सदस्य डॉ. एनके यादव, डॉ. निलय कृष्णा, मोनी कुमारी, मोहम्मद गुलाम मुस्तफा, कंचन सिंह, मोहम्मद नाजिम, बादल, अमृत कुमार सिंह, राहुल कुमार, अखिलेश पांडे, भाजपा नेता विनोद कुमार मंडल, मुक्तिनाथ सिंह, दीपक भगत और अनूप भगत सहित कई लोगों ने बधाई दी।

प्रशिक्षक जेम्स फाइटर ने कहा कि अनन्या की यह उपलब्धि नवगछिया के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने उभरते हुए खिलाड़ियों से मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रतिभाओं को उचित प्रशिक्षण और अवसर मिलें तो वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।

अनन्या की इस सफलता से नवगछिया के खेल जगत में उत्साह है। उनकी उपलब्धि से क्षेत्र के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी खेल प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: