
हेलीकॉप्टर से मध्य विद्यालय तेलघी पहुंचे मुख्यमंत्री, सड़क मार्ग से यज्ञ स्थल और श्रद्धांजलि सभा में हुए शामिल; स्वामी आगमानंद महाराज से लिया आशीर्वाद
नवगछिया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शुक्रवार को भागलपुर जिले के खरीक प्रखंड अंतर्गत तेलघी गांव पहुंचे। मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से मध्य विद्यालय तेलघी पहुंचे। वहां से सड़क मार्ग से तेलघी स्थित काली मंदिर पहुंचे और मंदिर में आयोजित यज्ञ में शामिल होकर पूजा-अर्चना की।

इसके बाद मुख्यमंत्री पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र के पैतृक आवास पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में पहुंचे। वहां उन्होंने मंत्री के दिवंगत पिता स्वर्गीय डॉ. कुमार नित्यानंद सिंह (डॉ. केएन सिंह) के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। साथ ही दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
स्वामी आगमानंद महाराज से लिया आशीर्वाद
श्रद्धांजलि सभा के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी स्वामी आगमानंद महाराज के पास पहुंचे। उन्होंने स्वामी जी को प्रणाम कर उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री और स्वामी आगमानंद महाराज के बीच दीपावली एवं छठ पूजा के अवसर पर भी चर्चा हुई।

कई मंत्री, विधायक और भाजपा के वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
मुख्यमंत्री के इस दौरे के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी, एमएलसी संजय सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल, मत्स्य एवं पशुपालन मंत्री नंदकिशोर राम, पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, रूपौली विधायक कलाधर मंडल, भाजपा संगठन मंत्री भिखुभाई दलसानिया, बांका विधायक रामनारायण मंडल, दीघा विधायक संजीव चौरसिया और एमएलसी अनिल कुमार ठाकुर सहित कई जनप्रतिनिधि एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर तेलघी गांव में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में पूरे कार्यक्रम को संपन्न कराया गया।














