
@ अमृत भारत योजना के तहत स्टेशन का हुआ सौंदर्यीकरण, लेकिन बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी; महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। मालदा रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले वहीं हाल ही में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत नव निर्माण हुए कहलगांव रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं की बदहाली का एक गंभीर मामला सामने आया है। स्टेशन परिसर में स्थित शौचालय पिछले करीब आठ माह से बंद पड़ा है। इसके कारण प्रतिदिन स्टेशन पर आने-जाने वाले हजारों रेल यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शौचालय बंद रहने से सबसे अधिक परेशानी बीमार, महिला यात्रियों, बुजुर्गों और बच्चों को उठानी पड़ रही है। सबसे मजेदार बात यह है कि परिसर में स्थित शौचालय ‘पेड एंड यूज’ है लेकिन यहां निःशुल्क यानी फ्री का भी बोर्ड लगा हुआ है। इस संदेश के चस्पा से यात्रियों के बीच असमंजस की स्थिति बनी रहती है। वहीं प्लेटफार्म नंबर दो पर स्थित शौचालय उचित साफ़ सफाई के अभाव में बदबू से सराबोर हर समय रहता है। जिसका उपयोग कोई नहीं करता है।

रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थान पर शौचालय की सुविधा का बंद रहना यात्रियों के लिए बड़ी समस्या बन गया है। लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को ट्रेन पकड़ने से पहले अथवा ट्रेन से उतरने के बाद शौचालय की आवश्यकता पड़ती है, लेकिन कहलगांव स्टेशन पर यह बुनियादी सुविधा उपलब्ध नहीं है। मजबूरी में कुछ पुरुष यात्री स्टेशन परिसर के आसपास खुले स्थानों का सहारा लेने को विवश हैं। वहीं, महिलाओं के सामने कहीं अधिक गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई है। सार्वजनिक स्थान पर उचित शौचालय और निजता की व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें भारी असुविधा और शर्मिंदगी झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय यात्रियों का कहना है कि स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का विकास केवल भवनों की रंगाई-पुताई और बाहरी सजावट तक सीमित नहीं रहना चाहिए। शौचालय, पेयजल, बैठने की व्यवस्था और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाएं भी नियमित रूप से उपलब्ध रहनी चाहिए। खासकर महिलाओं के लिए स्वच्छ और सुरक्षित शौचालय की व्यवस्था रेलवे की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।
गौरतलब है कि कहलगांव रेलवे स्टेशन में करोड़ों खर्च कर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत सौंदर्यीकरण किया गया है। स्टेशन को आकर्षक स्वरूप देने के लिए विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्य कराए गए हैं। स्टेशन परिसर को देखकर विकास कार्यों का अहसास तो होता है, लेकिन शौचालय जैसी अत्यंत आवश्यक सुविधा का पिछले आठ महीने से बंद रहना विकास कार्यों की प्राथमिकताओं पर सवाल खड़ा करता है।

सवाल यह है कि जब स्टेशन के सौंदर्यीकरण पर काम किया गया, तो यात्रियों की रोजमर्रा की आवश्यकताओं से जुड़ी इस महत्वपूर्ण सुविधा को दुरुस्त रखने की व्यवस्था क्यों नहीं की गई? शौचालय बंद रहने के पीछे क्या कारण है और इसे दोबारा चालू करने के लिए अब तक क्या कदम उठाए गए हैं, यह भी स्पष्ट होना चाहिए।
रेल यात्रियों ने मालदा रेल मंडल के अधिकारियों तथा संबंधित रेलवे प्रशासन से मांग की है कि कहलगांव रेलवे स्टेशन के बंद पड़े सुलभ शौचालय को अविलंब चालू कराया जाए। साथ ही इसकी नियमित साफ-सफाई, पानी की उपलब्धता और समुचित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि यात्रियों को सम्मानजनक एवं स्वच्छ सुविधा मिल सके।
यात्रियों का कहना है कि रेलवे स्टेशन का वास्तविक विकास तभी माना जाएगा, जब वहां पहुंचने वाले प्रत्येक यात्री को बुनियादी सुविधाएं सहजता से उपलब्ध हों। केवल स्टेशन को चमका देने से यात्रियों की परेशानी दूर नहीं होगी। अब देखना यह है कि रेल प्रशासन यात्रियों की इस गंभीर समस्या पर कब तक संज्ञान लेता है और आठ महीने से बंद पड़े शौचालय को कब तक चालू कराता है।















