
नवगछिया। नवगछिया के पूर्व अंचल अधिकारी संतोष कुमार सुमन के खिलाफ हुई कार्रवाई का स्थानीय भाजपा नेता संजीव कुमार सिंह उर्फ झाबो दा ने स्वागत किया है। उन्होंने तत्कालीन अंचल अधिकारी पर भ्रष्टाचार और आम लोगों को परेशान करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
संजीव कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि तत्कालीन अंचल अधिकारी के कार्यकाल में दाखिल-खारिज, परिमार्जन और जमीन की नापी जैसे कार्यों के लिए आम लोगों से मोटी रकम की मांग की जाती थी। बिना पैसे दिए लोगों का काम नहीं होता था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पैसे लेकर जमीन पर दूसरे पक्ष को दखल दिलाने के लिए अंचल अधिकारी स्वयं पहुंच जाते थे। इसके अलावा, उनके समय पर कार्यालय नहीं पहुंचने की भी शिकायतें थीं।

उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ स्थानीय जनप्रतिनिधियों और दलालों के माध्यम से आम लोगों को परेशान कर अवैध वसूली की जाती थी। पकड़ा पंचायत के मुखिया ने सरकारी शौचालय, विवाह भवन सहित अन्य विकास कार्यों के लिए अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) मांगा था, लेकिन वर्षों बीत जाने के बावजूद प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं कराया गया।
जनप्रतिनिधियों ने किया था विरोध प्रदर्शन
इस मामले को लेकर नवगछिया के पूर्व उपप्रमुख गौतम कुमार सिंह, पकड़ा पंचायत समिति सदस्य धीरेंद्र कुमार सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष धीरज कुमार सिंह, मंडल उपाध्यक्ष रजनीकांत सिंह सहित कई जनप्रतिनिधियों ने तत्कालीन अंचल अधिकारी का पुतला दहन कर विरोध जताया था। जमुनिया पंचायत में भी ग्रामीणों ने पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया था।

संजीव कुमार सिंह ने कहा कि भागलपुर की जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय ने मामले की गंभीरता से जांच कराई, जिसके बाद तत्कालीन अंचल अधिकारी के विरुद्ध आरोपपत्र गठित किया गया। उन्होंने बताया कि पांच दिन पूर्व नवगछिया जीरोमाइल में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंत्री से मुलाकात कर ऐसे पदाधिकारी को निलंबित करने और नवगछिया में स्वच्छ छवि के ईमानदार अंचल अधिकारी की पदस्थापना करने की मांग की थी।
उन्होंने इस कार्रवाई के लिए मंत्री और जिलाधिकारी के प्रति आभार जताते हुए कहा कि देर से ही सही, भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई हुई है। इससे आम जनता को राहत मिलने की उम्मीद है।















