
पकराटोला की लाभुक पिंकी देवी से योजना की पूरी राशि वसूलने का आदेश, ग्रामीण विकास विभाग के आयुक्त ने डीडीसी को भेजा पत्र
नवगछिया। मनरेगा योजना के तहत पशु शेड निर्माण के लिए मिली सरकारी राशि से बने शेड का स्वरूप बदलकर आवासीय मकान के रूप में उपयोग किए जाने का मामला सामने आया है। इस मामले में बिहार ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत बिहार रूरल डेवलपमेंट सोसाइटी के आयुक्त अंजनी कुमार ने भागलपुर के उप विकास आयुक्त (डीडीसी) को संबंधित लाभुक से योजना पर खर्च की गई पूरी राशि 1 लाख 54 हजार 93 रुपये की वसूली सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
मामला नवगछिया के पकराटोला गांव की पिंकी देवी से जुड़ा है। पिंकी देवी ने इस संबंध में प्रधानमंत्री कार्यालय के जन शिकायत पोर्टल पर परिवाद दर्ज कराया था। परिवाद के आधार पर जिला ग्रामीण विकास अभिकरण, भागलपुर की ओर से मामले की जांच कराई गई। जांच प्रतिवेदन के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2020-21 में पिंकी देवी की निजी जमीन पर मनरेगा योजना के तहत पशु शेड का निर्माण कराया गया था। इस योजना पर कुल 1,54,093 रुपये खर्च किए गए थे।

जांच में पाया गया कि लाभुक ने पशु शेड की मूल संरचना में बदलाव कर उसका उपयोग आवासीय मकान के रूप में करना शुरू कर दिया है। जांच के दौरान लाभुक ने सक्षम नोटरी पब्लिक के समक्ष शपथ पत्र देकर शेड का स्वरूप बदलकर आवासीय उपयोग किए जाने की बात स्वीकार की थी।
योजना के उद्देश्य से अलग उपयोग पर कार्रवाई
आयुक्त अंजनी कुमार ने अपने पत्र में कहा है कि मनरेगा के तहत व्यक्तिगत लाभ की योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण श्रमिकों की आजीविका को मजबूत करना है। इसके लिए उनकी निजी जमीन पर स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण कराया जाता है। योजना के निर्धारित स्वरूप में बदलाव कर उसका उपयोग दूसरे कार्य में किए जाने से योजना का मूल उद्देश्य प्रभावित हुआ है। इसी आधार पर दोषी लाभुक से नियमानुसार पूरी खर्च की गई राशि वसूलने का निर्देश दिया गया है।
आयुक्त अंजनी कुमार ने 27 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र के माध्यम से डीडीसी को वसूली की कार्रवाई सुनिश्चित कर इसकी जानकारी जल्द अपने कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा है।
















