5
(2)

धार्मिक आयोजन की तैयारियों को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस, श्रद्धालुओं के ठहरने, भोजन, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था पर हुई चर्चा

नवगछिया। तेतरी धाम में नवनिर्मित भव्य मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा और जगतगुरु श्री रामभद्राचार्य जी महाराज के श्रीमुख से होने वाली श्रीराम कथा को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। आगामी धार्मिक आयोजन की रूपरेखा और व्यवस्थाओं पर चर्चा के लिए गुरुवार, 12 नवंबर को ब्रह्म बाबा स्थान स्थित सेलिब्रेशन हॉल में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में सर्वसम्मति से प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, 17 फरवरी से 19 फरवरी 2027 तक नवनिर्मित मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा का भव्य धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किया जाएगा। वहीं, 22 फरवरी से 28 फरवरी 2027 तक जगतगुरु श्री रामभद्राचार्य जी महाराज के श्रीमुख से सात दिवसीय श्रीराम कथा का आयोजन होगा।

आयोजन समिति के अनुसार, इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन का सौभाग्य तेतरी धाम को प्राप्त होने जा रहा है। इसमें दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और रामभक्तों के पहुंचने की संभावना है।

श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए बनेगी विशेष व्यवस्था

प्रेस कॉन्फ्रेंस में बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने, भोजन, पेयजल, आवागमन, स्वच्छता और सुरक्षा सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। आयोजन समिति ने संकल्प लिया कि सभी व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएंगी, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।

समिति की ओर से आयोजन को सफल, सुव्यवस्थित और भव्य बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियों पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई।

भूमि पूजन की तिथि अभी तय नहीं

मंदिर निर्माण से संबंधित भूमि पूजन की तिथि अभी निर्धारित नहीं की गई है। इस विषय पर भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में चर्चा हुई। आयोजन समिति के अनुसार, आगामी दिनों में आपसी विचार-विमर्श के बाद भूमि पूजन की तिथि तय की जाएगी।

आयोजन को सफल बनाने के लिए सहयोग की अपील

आयोजन समिति एवं ग्रामवासियों ने समस्त क्षेत्रवासियों, सनातन धर्मावलंबियों और देश-प्रदेश के रामभक्तों से इस धार्मिक आयोजन में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाने की अपील की है। उन्होंने तन, मन और धन से सहयोग प्रदान कर इस पुण्य कार्य को सफल बनाने का आग्रह किया।

समिति ने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास से तेतरी धाम की पावन धरती को भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिकता के भव्य केंद्र के रूप में स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: