
छठ पूजा के लिए गंगाजल लेने पहुंचे कई जिलों के श्रद्धालु, 14 नंबर सड़क और विक्रमशिला पुल पहुंच पथ पर घंटों लगा जाम; बुनियादी सुविधाओं की कमी से बढ़ी परेशानी
नवगछिया। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर महादेवपुर गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। जहान्वी चौक स्थित इस घाट पर मंगलवार और बुधवार को दो दिनों के दौरान एक लाख से अधिक महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और छठ पूजा के लिए गंगाजल लेकर अपने घर लौटे। नवगछिया के अलावा मधेपुरा, सहरसा, सुपौल, पूर्णिया और कटिहार सहित कई जिलों से श्रद्धालु निजी वाहनों से घाट पहुंचे। भारी भीड़ के कारण 14 नंबर सड़क और विक्रमशिला पुल पहुंच पथ पर घंटों यातायात बाधित रहा।

एक ओर घाट पर आस्था का सैलाब उमड़ रहा है, वहीं दूसरी ओर बुनियादी सुविधाओं की कमी श्रद्धालुओं की परेशानी बढ़ा रही है। घाट पर पर्याप्त कपड़ा बदलने के कक्ष, शौचालय, साफ-सफाई, समतलीकरण और मजबूत बैरिकेडिंग की व्यवस्था नहीं होने से श्रद्धालुओं में नाराजगी है। बाढ़ का पानी उतरने के बाद भी घाट तक जाने वाले रास्ते पर कीचड़, जलजमाव और गड्ढे बने हुए हैं। कई जगहों पर कचरा फैला हुआ है, जिससे महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को काफी परेशानी हो रही है। हालांकि, घाट पर सुरक्षा के मद्देनजर एसडीआरएफ की टीम और स्थानीय गोताखोर तैनात हैं।
छठ घाटों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
छठ महापर्व के दौरान सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नवगछिया पुलिस ने व्यापक तैयारी की है। एसपी वैभव शर्मा ने बताया कि पूरे पुलिस जिले में 132 छठ घाट चिह्नित किए गए हैं। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ और घाटों की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए पुलिस बल की तैनाती की जा रही है।
उन्होंने बताया कि पुलिस मुख्यालय, पटना से करीब 500 अतिरिक्त जवान मिलने की संभावना है। इसके बाद 800 से अधिक सिपाही और 150 से अधिक पुलिस पदाधिकारी सहित एक हजार से अधिक पुलिसकर्मी सुरक्षा और विधि-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे।
महादेवपुर घाट पर उमड़ रही भीड़ के कारण 14 नंबर सड़क और विक्रमशिला पुल पहुंच पथ पर यातायात प्रभावित होने के सवाल पर एसपी ने बताया कि फिलहाल करीब 50 यातायात पुलिसकर्मी तैनात हैं। आवश्यकता के अनुसार इनकी संख्या बढ़ाई जाएगी।

एसपी ने बताया कि गंगा घाटों पर डूबने की घटनाओं को रोकने के लिए एसडीआरएफ की नौका और स्थानीय गोताखोरों की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने स्वयं महादेवपुर घाट का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया है।















