5
(1)

@ घर लौटने वालों की भीड़ के बीच रेलवे अलर्ट, दो होल्डिंग एरिया से लेकर सात अतिरिक्त रेक तक की व्यवस्था; जरूरत पड़ने पर चलेंगी स्पेशल ट्रेनें।

प्रदीप विद्रोही

भागलपुर। छठ महापर्व की खुशियां अपनों के साथ बांटकर अब परदेस लौटने की बारी है। ट्रेनों में बढ़ती भीड़, प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की लंबी कतारें और कन्फर्म सीट की चिंता के बीच रेलवे ने भागलपुर स्टेशन पर अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। यात्रियों की सुरक्षित और सुगम वापसी के लिए मालदा मंडल ने ऐसा व्यापक इंतजाम किया है, जिसमें सुरक्षा से लेकर टिकट, चिकित्सा और अतिरिक्त ट्रेनों तक की तैयारी शामिल है।

इस बार रेलवे की तैयारी सिर्फ भीड़ संभालने तक सीमित नहीं है, बल्कि यात्रियों को स्टेशन पहुंचने से लेकर ट्रेन में सवार होने तक व्यवस्थित सुविधा देने पर जोर है। मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में भागलपुर स्टेशन पर विशेष व्यवस्था लागू की गई है।

त्योहारी भीड़ के बीच यात्रियों की सुरक्षा रेलवे की प्राथमिकता है। इसके लिए भागलपुर स्टेशन पर दो राजपत्रित अधिकारियों के साथ 121 आरपीएफ और 50 आरपीएसएफ जवानों की तैनाती की गई है। स्टेशन परिसर में लगे 92 सीसीटीवी कैमरों के जरिए यात्रियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। वार कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी हो रही है। इसके अलावा डॉग स्क्वॉड भी नियमित जांच कर रहा है।

ट्रेन आने से पहले प्लेटफॉर्म पर उमड़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे ने दो विशेष होल्डिंग एरिया तैयार किए हैं। पहला स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में और दूसरा प्लेटफॉर्म संख्या एक के पास वीआईपी गेट पर बनाया गया है।

यहां यात्रियों के बैठने और प्रतीक्षा करने के लिए रोशनी और पंखे की व्यवस्था की गई है। साथ ही मोबाइल अनारक्षित टिकटिंग सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। मूल स्टेशन से खुलने वाली ट्रेनों के लिए प्लेटफॉर्म संख्या एक और छह निर्धारित किए गए हैं। आरपीएफ जवान कतार बनवाकर यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने में मदद कर रहे हैं।

यात्रियों को टिकट के लिए लंबी कतारों में परेशान न होना पड़े, इसके लिए स्टेशन पर पांच यूटीएस काउंटर, छह ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन और चार मोबाइल अनारक्षित टिकटिंग सुविधाएं उपलब्ध हैं।

यात्रियों की मदद के लिए ‘मे आई हेल्प यू’ बूथ और 24 घंटे चलने वाला सहयोग काउंटर भी सक्रिय है। प्लेटफॉर्म और ट्रेनों से जुड़ी जानकारी के लिए उद्घोषणा तथा डिजिटल डिस्प्ले का सहारा लिया जा रहा है। लिफ्ट और एस्केलेटर भी चौबीसों घंटे संचालित किए जा रहे हैं।

भीड़ के दौरान किसी यात्री की तबीयत बिगड़ने या आपात स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल सहायता देने के लिए स्टेशन पर चिकित्सा दल और आवश्यक दवाओं की व्यवस्था की गई है। एंबुलेंस को भी 24 घंटे तैयार रखा गया है। रेलवे यात्रियों को अनजान लोगों से खाने-पीने की चीजें नहीं लेने, सामान की सुरक्षा करने और बच्चों को भीड़ में अपने पास रखने की सलाह दे रहा है। संदिग्ध वस्तु दिखने पर तत्काल रेलवे कर्मचारी या आरपीएफ को सूचना देने की अपील की गई है।

यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए मालदा मंडल ने परिचालन स्तर पर भी तैयारी की है। अभयपुर, पोड़ैयाहाट, विक्रमशिला और शिवनारायणपुर में सात अतिरिक्त स्क्रैच रेक तैनात किए गए हैं। इसके अलावा जरूरत के अनुसार अतिरिक्त ट्रेन चलाने के लिए हावड़ा मंडल से दो और रेक की व्यवस्था की जा रही है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: