
ताला तोड़कर भगवान के आभूषण, पूजा के बर्तन, पीतल का त्रिशूल और घंटे ले उड़े चोर; सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
भागलपुर। बबरगंज थाना क्षेत्र के शैलबाग मोहल्ले स्थित प्राचीन शैलेश्वर नाथ महादेव मंदिर में चोरों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। देर रात तीन से चार की संख्या में पहुंचे चोर मंदिर का ताला तोड़कर भगवान के कीमती आभूषण, पूजा के बर्तन, पीतल का त्रिशूल, घंटे समेत कई सामान चोरी कर फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि चोरों ने एक घंटे से अधिक समय तक मंदिर परिसर में रहकर इत्मीनान से चोरी की। पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

सुबह जब पुजारी पूजा करने मंदिर पहुंचे तो टूटा हुआ ताला और बिखरे सामान देखकर हैरान रह गए। उन्होंने इसकी सूचना स्थानीय लोगों को दी। इसके बाद बबरगंज थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
चोरों का सुराग लगाने के लिए पुलिस डॉग स्क्वॉड की भी मदद ले रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
मामले में स्थानीय निवासी चंदन पांडे और सिटी एसपी अतुलेश झा ने भी अपनी बात रखी।















