
भागलपुर। पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता अश्विनी कुमार चौबे ने बिहार में उद्योग, स्वास्थ्य सेवाओं और रोजगार की स्थिति पर नाराजगी जताई है। शुक्रवार को भागलपुर में प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि बिहार से मजदूरों का पलायन रोकने के लिए बड़े उद्योगों के साथ छोटे उद्योगों और एमएसएमई को भी बढ़ावा देना होगा। केवल घोषणाओं से विकास नहीं होगा, बल्कि जमीन पर काम दिखना चाहिए।

चौबे ने भागलपुर के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की अधूरी व्यवस्था और बरारी स्थित सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क ऑफ इंडिया (एसटीपीआई) के बंद रहने पर सवाल उठाए। उन्होंने नगर निगम के लंबित आदेश को लेकर भी नाराजगी जताई। इन समस्याओं का समाधान नहीं होने पर उन्होंने अनशन और सत्याग्रह करने की चेतावनी दी।














