
पकड़ा टोला में शुक्रवार शाम हुई घटना, तीन लोगों पर गोलीबारी का आरोप; चार एकड़ जमीन को लेकर लंबे समय से चल रहा विवाद
नवगछिया। गोपालपुर थाना क्षेत्र के पकड़ा टोला स्थित जलकर में मछली की देखरेख करने पहुंचे एक मछली कारोबारी को शुक्रवार शाम गोली मार दी गई। घटना में रंगरा थाना क्षेत्र के आजमाबाद निवासी मटरू शर्मा उर्फ भूदेव शर्मा (पिता मुन्नी शर्मा) घायल हो गए। गोली उनके पैर में लगी है। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई।

घायल मटरू शर्मा के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब चार बजे वह पकड़ा टोला स्थित जलकर में मछली की देखरेख के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान दूसरे खेत की ओर से दो-तीन लोग वहां पहुंचे। आरोप है कि पहले उन लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज की और फिर हवाई फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद उन पर तीन गोलियां चलाई गईं, जिनमें एक गोली उनके पैर में लग गई। घायल ने इस गोलीबारी में जयप्रकाश शर्मा, संजय मंडल और भीमा मंडल पर शामिल होने का आरोप लगाया है।
गोली लगने के बाद घायल को स्थानीय लोगों और ग्रामीणों की मदद से पहले एक ग्रामीण चिकित्सक के पास ले जाया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। इसके बाद घायल को रंगरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। वहां रंगरा और गोपालपुर थाना की पुलिस मौजूद रही। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने घायल की बेहतर चिकित्सा के लिए उन्हें जीएमसीएच पूर्णिया रेफर कर दिया।
चार एकड़ जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद
बताया जाता है कि करीब चार एकड़ जमीन पर स्थित उक्त जलकर को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। यह जमीन मंदिर के नाम पर बताई जाती है। जलकर से मछली बेचकर प्राप्त होने वाली राशि मंदिर में दी जाती है। जमीन और जलकर को लेकर पूर्व में पंचायती भी हो चुकी है।
आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोग जलकर में मछली मारने से रोक रहे थे। इसी विवाद के बीच शुक्रवार को गोलीबारी की घटना हुई। घायल द्वारा जयप्रकाश शर्मा, संजय मंडल और भीमा मंडल पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।















