
पटना। कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखे जाने को लेकर बिहार की राजनीति गरमा गई है। राजद के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने सरकार के फैसले पर सवाल उठाते हुए पूछा है कि पहले तय नाम को बदलकर पुल का नाम नीतीश सेतु कैसे कर दिया गया।

तेजस्वी यादव ने दावा किया कि इस पुल का नाम स्वतंत्रता सेनानी अक्षयवट राय के नाम पर रखने का प्रस्ताव था। बाद में विधानसभा में गैर-सरकारी संकल्प के दौरान सरकार की ओर से पुल का नाम गुरु गोविंद सिंह के नाम पर रखने की बात कही गई थी। इसके बावजूद अब इसका नाम नीतीश सेतु रख दिया गया।
तेजस्वी ने इस फैसले को राजनीतिक बताते हुए भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पुल के दोबारा उद्घाटन की तैयारी पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि पुल का उद्घाटन करीब एक साल पांच महीने पहले हो चुका है और इस पर वाहनों का परिचालन भी जारी है।
तेजस्वी ने यह भी दावा किया कि पुल के निर्माण में केंद्र सरकार का आर्थिक योगदान नहीं रहा, इसके बावजूद प्रधानमंत्री उद्घाटन के जरिए राजनीतिक श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं। उनके बयान के बाद पुल के नामकरण और उद्घाटन को लेकर बिहार में सियासी बहस तेज हो गई है।















