5
(1)

प्रदीप विद्रोही

भागलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार, 21 नवंबर 2026 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग एवं लाइव वेबकास्टिंग के माध्यम से भागलपुर जिले से संबंधित विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इन योजनाओं में ऊर्जा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग तथा नगर विकास एवं आवास विभाग की महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं। इनके क्रियान्वयन से जिले में आधारभूत संरचना, विद्युत आपूर्ति, उच्च शिक्षा और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

पीरपैंती पावर प्लांट से विद्युत आपूर्ति को मिलेगा बढ़ावा

ऊर्जा विभाग के तहत पीरपैंती में प्रस्तावित 3×800 मेगावाट सुपर थर्मल पावर प्लांट से उत्पादित बिजली की निकासी के लिए 3,363.01 करोड़ रुपये की लागत से अंतरराज्यीय संचरण परियोजना विकसित की जाएगी। इसके माध्यम से लगभग 2,400 मेगावाट बिजली बिहार के विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचाई जा सकेगी। इससे राज्य के करीब एक करोड़ परिवारों की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी। वहीं, पावर प्लांट में लगभग 26,500 करोड़ रुपये के निवेश से निर्माण के दौरान 10 से 12 हजार रोजगार तथा करीब 3,000 स्थायी रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।

कहलगांव में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था होगी मजबूत

कहलगांव ग्रिड उपकेंद्र में 2.87 करोड़ रुपये की लागत से दो 33 केवी फीडरों का निर्माण किया जाएगा। इसके तहत निर्माणाधीन 33 केवी राजगांव (बरमसिया) पावर सब-स्टेशन को जोड़ा जाएगा, जिससे लगभग 16 हजार उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा। दूसरे फीडर को पीरपैंती पावर सब-स्टेशन से वैकल्पिक विद्युत स्रोत के रूप में जोड़ा जाएगा। इससे करीब 40 हजार उपभोक्ताओं को लाभ मिलने के साथ बिजली आपूर्ति की विश्वसनीयता बढ़ेगी।

साइंस ब्लॉक से विद्यार्थियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

उच्च शिक्षा विभाग के तहत भागलपुर में 3.71 करोड़ रुपये की लागत से शैक्षणिक भवन (साइंस ब्लॉक) का निर्माण किया जाएगा। इससे कॉलेज के विद्यार्थियों को आधुनिक विज्ञान प्रयोगशालाएं और बेहतर कक्षाएं उपलब्ध होंगी। इस पहल से शैक्षणिक वातावरण बेहतर होने के साथ उच्च शिक्षा की गुणवत्ता में भी सुधार होगा।

कहलगांव में 45.99 करोड़ से सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट

नगर विकास एवं आवास विभाग की ओर से कहलगांव में 45.99 करोड़ रुपये की लागत से इंटरसेप्शन एंड डायवर्जन (I&D) तथा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) परियोजना का निर्माण किया गया है। इसके तहत छह एमएलडी क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया गया है।

परियोजना के माध्यम से नगर के सीवेज को सीधे गंगा नदी में जाने से रोका जा सकेगा। उपचारित जल के निष्पादन से गंगा नदी की स्वच्छता, जल गुणवत्ता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।

समग्र विकास को मिलेगी नई गति

इन परियोजनाओं से भागलपुर में बिजली आपूर्ति व्यवस्था सुदृढ़ होने, औद्योगिक निवेश एवं रोजगार के अवसर बढ़ने, विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलने और गंगा नदी के संरक्षण को मजबूती मिलने की उम्मीद है। ये योजनाएं जिले के आर्थिक एवं सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। कार्यक्रम के दौरान उद्घोषक ने उपस्थित अतिथियों एवं लोगों का स्वागत करते हुए विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। इसके बाद जनप्रतिनिधियों सांसद अजय कुमार मंडल, विधायक शुभानंद मुकेश, मुरारी पासवान ने अपना संबोधन दिया। कार्यक्रम के अंत में उप विकास आयुक्त, भागलपुर ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: