
भागलपुर। कोर्ट परिसर में कुर्सी-टेबल की व्यवस्था को लेकर शुरू हुआ विवाद अब तूल पकड़ने लगा है। महिला अधिवक्ता सपना सुमन ने शनिवार को तिलकामांझी थाने में जिला विधिज्ञ संघ (DBA) के महासचिव अंजनी कुमार दुबे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
महिला अधिवक्ता का आरोप है कि उनकी कुर्सी-टेबल के पास गड्ढा खोदकर मलबा डाल दिया गया था। इसी समस्या को लेकर वह महासचिव से बातचीत करने पहुंची थीं। इस दौरान विवाद बढ़ गया। उन्होंने आरोप लगाया कि महासचिव ने उनके साथ गाली-गलौज की और हाथ मरोड़कर करीब 10 से 15 कदम तक खींचा।

वहीं, महासचिव अंजनी कुमार दुबे ने इन आरोपों से अलग अपना पक्ष रखा है। उनका कहना है कि कुर्सी की व्यवस्था कराने के नाम पर महिला अधिवक्ता ने उनसे पैसे की मांग की थी। विवाद के दौरान महिला अधिवक्ता ने डायल 112 पर भी फोन किया था।
फिलहाल, मामले में दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे सामने आए हैं। महिला अधिवक्ता ने प्राथमिकी दर्ज कराकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।














