
भागलपुर। भागलपुर व्यवहार न्यायालय और नवगछिया अनुमंडल में शनिवार को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया गया। इसमें परक्राम्य लिखत अधिनियम (एनआई एक्ट) यानी चेक बाउंस से जुड़े लंबित 9 मामलों का त्वरित निष्पादन किया गया। इन मामलों में कुल 1 करोड़ 6 लाख 5 हजार 128 रुपये की सुलह राशि निर्धारित की गई।

मामलों के निष्पादन के लिए भागलपुर में दो और नवगछिया में एक विशेष पीठ का गठन किया गया था। न्यायिक पदाधिकारियों और पैनल अधिवक्ताओं ने आपसी सहमति के आधार पर मामलों का निपटारा कराया।
न्यायालय प्रशासन के अनुसार, विशेष लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य चेक बाउंस से जुड़े मामलों को लंबी कानूनी प्रक्रिया से बचाते हुए आपसी सुलह-समझौते के जरिए जल्द निपटाना था। इससे संबंधित पक्षकारों को समय और धन दोनों की बचत होती है।














