
भागलपुर। मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन पर शनिवार सुबह सुलतानगंज थाना क्षेत्र के कमरगंज के पास बारातियों से भरा वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। हादसे में आठ बाराती घायल हो गए, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मुंगेर के सफियासराय थाना क्षेत्र के फरदा गांव से बारात सुलतानगंज के अकबरनगर स्थित मकंदपुर गई थी। शादी समारोह संपन्न होने के बाद सभी बाराती वाहन से वापस मुंगेर लौट रहे थे। इसी दौरान चालक को झपकी आने से वाहन अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गया।

हादसे के बाद दूसरे बारात वाहन में सवार लोगों की मदद से सभी घायलों को मुंगेर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने चार गंभीर घायलों को आईसीयू में भर्ती किया है, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद शादी की खुशियां मातम और चिंता में बदल गईं।














