
भागलपुर। टीएनबी कॉलेज के मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष सह विश्वविद्यालय के सीनेटर डॉ. राजेश तिवारी को मालदा मंडल रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति का सदस्य बनाया गया है। उनके चयन से भागलपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के रेल यात्रियों की समस्याओं को रेलवे के समक्ष उठाने और यात्री सुविधाओं में सुधार की उम्मीद बढ़ी है।
समिति के सदस्य के रूप में डॉ. तिवारी को रेलवे स्टेशनों पर संचालित पुस्तक स्टॉल, पुस्तक ट्रॉली, खान-पान की दुकानों और अन्य विक्रय प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करने की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा वे ट्रेनों के पेंट्रीकार और भोजन व्यवस्था का भी निरीक्षण कर सकेंगे। इससे यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं और खान-पान की गुणवत्ता से जुड़े मुद्दों को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

उनके चयन पर केंद्रीय रेलवे रेल यात्री संघ के अध्यक्ष विष्णु खेतान ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि डॉ. राजेश तिवारी का शैक्षणिक, विधिक और सामाजिक अनुभव रेल यात्रियों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने में उपयोगी साबित होगा। उनके समिति में शामिल होने से यात्रियों की सुविधाओं और रेलवे सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।














