5
(1)

गोला टोला से मिलन चौक तक निकाला गया संकल्प मार्च, भाकपा-माले नेताओं ने बुलडोजर कार्रवाई और कॉरपोरेट लूट के खिलाफ संघर्ष जारी रखने का लिया संकल्प

नवगछिया। कदवा के गोला टोला स्थित शहीद स्मारक स्थल पर सोमवार को भाकपा-माले की ओर से शहीद कॉमरेड महेश्वर भगत और कॉमरेड उदय भगत का 36वां शहादत दिवस मनाया गया। इस अवसर पर संकल्प सभा आयोजित कर दोनों शहीदों सहित अन्य शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। सभा में भूमि, आवास, रोजी-रोटी और शिक्षा के अधिकार की लड़ाई तेज करने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम के तहत गोला टोला स्थित शहीद स्मारक स्थल से मिलन चौक तक संकल्प मार्च भी निकाला गया।

कार्यक्रम की शुरुआत पार्टी के वरिष्ठ नेता कॉमरेड संथालजी उर्फ फागू मंडल ने झंडोत्तोलन कर की। इसके बाद उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित किए और दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान कॉमरेड प्रशांत चौधरी, महेंद्र पंडित, विवेका राय, गंगा मंडल, गणपत मंडल, महेश्वर भगत, उदय भगत, रामदेव यादव, जवाहर यादव और विशेश्वर यादव सहित अन्य शहीदों को याद किया गया।

गरीबों और वंचितों के अधिकारों पर हमले का लगाया आरोप

संकल्प सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि देश और बिहार में गरीबों, भूमिहीनों, किसानों, मजदूरों और महिलाओं के अधिकारों पर लगातार हमले हो रहे हैं। गरीबों और छोटे दुकानदारों के घरों एवं दुकानों पर बुलडोजर चलाए जाने की घटनाएं सामने आ रही हैं। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सत्ता के संरक्षण में सामंती ताकतों का मनोबल बढ़ रहा है और लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक अधिकारों को कमजोर किया जा रहा है।

वक्ताओं ने किसानों और मजदूरों की समस्याओं को उठाते हुए कहा कि खाद और बीज की कीमतों में लगातार वृद्धि से किसान परेशान हैं। वहीं, कॉरपोरेट घरानों को लाभ पहुंचाने के लिए किसानों की जमीन पर कंपनियों का कब्जा बढ़ाया जा रहा है। दूसरी ओर, गंगा कटाव से विस्थापित परिवारों और भूमिहीनों को पांच डिसमिल जमीन तक उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। स्थायी पुनर्वास की व्यवस्था करने के बजाय विस्थापितों की झोपड़ियों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है।

शहीदों की क्रांतिकारी परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प

सभा में वक्ताओं ने कहा कि गरीबों, दलितों और अतिपिछड़ों के वोट से सरकार बनती है, लेकिन शासन-सत्ता का लाभ सामंतों, नौकरशाहों और कॉरपोरेट घरानों को मिल रहा है। उन्होंने इसके खिलाफ संघर्ष को निर्णायक बनाने और शहीदों की क्रांतिकारी परंपरा को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

सभा को भाकपा-माले के जिला सचिव महेश प्रसाद यादव, नवगछिया प्रखंड सचिव गौरीशंकर राय, जिला कमेटी सदस्य रणधीर यादव, पुरुषोत्तम दास, ऐपवा जिला सचिव रेणु देवी, निरंजन भारती, अर्जुन ठाकुर, पूर्व जिला सचिव बिंदेश्वरी मंडल, राजेंद्र पंडित, रामबालक राम, पृथ्वी शर्मा, मुन्ना जायसवाल और रामदेव सिंह सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया।

कार्यक्रम में आशुतोष यादव, सत्यनारायण यादव, जयप्रकाश शर्मा, राधेश्याम रजक, वकील मंडल, रविंद्र मिश्रा, अशोक मंडल, अमीर राम, त्रिवेणी शर्मा, रामचरण मंडल, राजकिशोर यादव, वीरबल मंडल, विमला देवी, दशरथ सिंह, बबलू भगत, मनोरंजन शर्मा, वीरेंद्र मंडल, विभूति भगत और सुभाष शर्मा सहित सैकड़ों महिला-पुरुष ग्रामीण शामिल हुए।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: