
नवगछिया। नगरह पंचायत के रामनगर बिंद टोली में शादी की खुशियों के बीच उस समय विवाद उत्पन्न हो गया, जब कुछ लोग बिना निमंत्रण एक घर में प्रवेश कर डांस करने लगे। घर के लोगों ने जब इसका विरोध किया तो आरोपितों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस घटना में एक महिला समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मामले को लेकर राजोति देवी, पति जयराम चौधरी ने नवगछिया थाना में लिखित आवेदन देकर पुलिस से शिकायत की है। उन्होंने आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए न्याय दिलाने की मांग की है।

पीड़िता की ओर से पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, परिवार के सभी सदस्य घर में बॉक्स बजाकर शादी समारोह की खुशी मना रहे थे। इसी दौरान कुछ लोग बिना बुलाए जबरन घर में प्रवेश कर गए और वहां डांस करने लगे। घर के सदस्यों ने जब बिना अनुमति घर में घुसकर इस तरह की गतिविधि करने पर आपत्ति जताई तो विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इसके बाद उन लोगों ने परिजनों के साथ मारपीट की, जिसमें राजोति देवी, मीना देवी, आकाश कुमार, रिंकी देवी और मुकेश कुमार घायल हो गए।
इस मामले में राजोति देवी ने अमर कुमार पिता परमानंद महतो, कंचन महतो पिता अशोक महतो, राहुल कुमार, प्रकाश महतो, सनी देओल पिता दंगल महतो और दिनेश महतो पिता गुड्डू महतो को आरोपित किया है।
घटना के बाद पीड़िता ने नवगछिया थाना पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस से आवेदन में लगाए गए आरोपों की जांच कराने और सभी नामजद आरोपितों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल मामले में पुलिस की कार्रवाई और जांच से संबंधित जानकारी सामने नहीं आई है।















