
महाआरती के बाद श्रद्धालुओं के बीच बांटा गया खीर का महाप्रसाद, दीपोत्सव देखने के लिए उमड़ी भारी भीड़
नवगछिया। रंगरा प्रखंड के भवानीपुर स्थित ऐतिहासिक मां दक्षिणेश्वर काली मंदिर परिसर में देव दीपावली का पर्व श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर को 51 हजार दीपों से सजाया गया। दीपों की रोशनी से पूरा मंदिर परिसर जगमगा उठा और भव्य दृश्य देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

दीपोत्सव के मुख्य कार्यक्रम से पहले मंदिर में विधिवत महाआरती का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और मां काली की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। महाआरती के बाद मंदिर समिति की ओर से उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच खीर का महाप्रसाद वितरित किया गया।
51 हजार दीपों से सजे मंदिर परिसर का दृश्य श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। दीपोत्सव में शामिल होने के लिए आसपास के गांवों और दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मंदिर के व्यवस्थापक प्रशांत कुमार उर्फ पिंटू यादव, अध्यक्ष विश्वास झा, कैलाश यादव, त्रिपुरारी कुमार भारती, राम जी पोद्दार, सुधीर यादव और रंजीत यादव सहित मंदिर समिति के सदस्यों एवं समस्त ग्रामवासियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।















