
@ स्तन, पेट, गर्भाशय और बच्चों के कैंसर पर हुई विशेष चर्चा; जेएलएनएमसीएच और मेदांता पटना की संयुक्त पहल से पूर्वी बिहार में बेहतर उपचार और समय पर पहचान का रास्ता होगा मजबूत।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। कैंसर के खिलाफ लड़ाई में समय पर पहचान और आधुनिक उपचार की अहमियत को लेकर बुधवार को भागलपुर में चिकित्सा जगत का महत्वपूर्ण आयोजन हुआ। जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जेएलएनएमसीएच) और जय प्रभा मेदांता सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, पटना के संयुक्त तत्वावधान में ‘भागलपुर कैंसर कॉन्क्लेव 2026’ आयोजित किया गया। इसमें बिहार के विभिन्न चिकित्सा संस्थानों के विशेषज्ञों ने हिस्सा लेकर कैंसर के आधुनिक उपचार और नई चिकित्सा तकनीकों पर विचार साझा किए।

सम्मेलन के 10 वैज्ञानिक सत्रों में स्तन कैंसर, गैस्ट्रिक कैंसर, एंडोमेट्रियल कैंसर और बच्चों में होने वाले कैंसर पर विशेष चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने समय पर जांच, सटीक निदान और सही रेफरल को बेहतर उपचार की पहली सीढ़ी बताया।
मेदांता पटना के मेडिकल ऑन्कोलॉजी विशेषज्ञ एवं प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर डॉ. नवीन नयन ने कहा कि कीमोथेरेपी, टारगेटेड थेरेपी और इम्यूनोथेरेपी जैसी आधुनिक तकनीकों ने कैंसर उपचार की संभावनाएं बढ़ाई हैं। वहीं, ब्रेस्ट सर्विसेज की विशेषज्ञ डॉ. निहारिका रॉय ने स्तन में किसी भी असामान्य गांठ या बदलाव को नजरअंदाज नहीं करने की सलाह दी।
जेएलएनएमसीएच के रेडियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. सचिन कुमार सिंह और पैथोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र कुमार ने कैंसर की पहचान में आधुनिक इमेजिंग, बायोप्सी और बायोमार्कर की भूमिका समझाई।
मेदांता के सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. संदीप कुमार ने पेट एवं आंत के कैंसर में आधुनिक और रोबोटिक सर्जरी की उपयोगिता बताई। गायनेकोलॉजिकल ऑन्कोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. श्वेता राय ने महिलाओं में असामान्य रक्तस्राव जैसे लक्षणों पर समय रहते जांच कराने की सलाह दी।
रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. राजीव रंजन प्रसाद ने वैरियन एज, आईएमआरटी और आईजीआरटी जैसी आधुनिक रेडिएशन तकनीकों की जानकारी दी। वहीं, पीडियाट्रिक हीमेटो-ऑन्कोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. अमित कुमार ने बच्चों के कैंसर उपचार में पोषण, संक्रमण से बचाव और पारिवारिक सहयोग को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में जेएलएनएमसीएच के प्राचार्य डॉ. (प्रो.) संदीप प्रसाद लाल, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. (प्रो.) हिमांशु परमेश्वर दुबे सहित विभिन्न विभागों के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ चिकित्सक मौजूद रहे।
मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. दुबे ने कहा कि कैंसर के बेहतर उपचार के लिए समय पर पहचान, सही जांच और विशेषज्ञों के बीच समन्वय जरूरी है। ऐसे आयोजन स्थानीय चिकित्सकों को आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों से जोड़ने और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में मददगार साबित होंगे।
जेएलएनएमसीएच ने भविष्य में भी ऐसे शैक्षणिक और चिकित्सा सहयोग कार्यक्रम जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।















