5
(1)


जय गंगा महारानी, जय शांति बाबा के जयकारों से गूंज उठा शांति धाम

गंगा तट पर उमड़ा दर्शन और प्रसाद पाने वालों का सैलाब। करीब 25,000 महिला, पुरुष और बच्चों ने महाप्रसाद के रूप में खिचड़ी और चना ग्रहण किया। श्रद्धालु अपने घर-परिवार के लिए भी प्रसाद ले गए।

प्रदीप विद्रोही

भागलपुर। जिले के कहलगांव स्थित उत्तरवाहिनी गंगा की अविरल धार के मध्य अवस्थित शांति धाम पहाड़ी पर ब्रह्मलीन शांति बाबा की 56वीं पुण्यतिथि में प्रथम दिन का आयोजन संपन्न हुआ। अहले सुबह से ही शांति धाम में हर-हर गंगे, जय शांति बाबा और जय जय केदार बाबा के जयकारे गूंजने लगे। इस पुण्यतिथि पर आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम में शहर-गांव के अलावा देश-विदेश से भी भक्त बड़ी संख्या में पहुंचे। स्थानीय भक्तों की भीड़ को गंगा तट से दर्शन करने और प्रसाद ग्रहण करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। गंगा की तेज धारा के कारण भक्तों की भीड़ को शांति धाम जाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया था।


गंगा में तेज प्रवाह के कारण नौका सेवा पर प्रतिबंध होने के बावजूद श्रद्धालु प्राइवेट नावों से चुपके-चुपके पहाड़ी तक पहुंचने का प्रयास कर रहे थे। इस स्थिति को देखते हुए, मुख्य पुजारी केदार बाबा ने पहाड़ी पर मौजूद शिष्यों से ऐसे श्रद्धालुओं को रोकने का आग्रह किया।

फिर भी, चुपके से जो श्रद्धालु शांति धाम तक पहुंच गए, उन्हें प्रसाद ग्रहण कराया गया और बड़ी नावों के माध्यम से गंगा तट पर वापस भेजा गया। वहीं, गंगा तट पर स्थित राज घाट पर करीब 25,000 महिला, पुरुष और बच्चों ने महाप्रसाद के रूप में खिचड़ी और चना ग्रहण किया। श्रद्धालु अपने घर-परिवार के लिए भी प्रसाद ले गए।

पुष्प गुच्छों से सजा शांति धाम :
इस विशेष अवसर पर शांति धाम को गुलाब, बेला, चमेली, गेंदा की लड़ी और गुलदस्तों से भव्य रूप से सजाया गया। विद्युत बल्ब की रोशनी से सम्पूर्ण पहाड़ी जगमग हो उठा था। ब्रह्मलीन शांति बाबा की तपोस्थली, समाधि स्थल, राधा-कृष्ण दरबार, भगवान विष्णु और हनुमान दरबार को दुल्हन की तरह सजाया गया था। मुख्य पुजारी केदार बाबा के नेतृत्व में ढोल, मंजीरे, शंख और घडिघंट की सुमधुर ध्वनि के बीच वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ गंगा महाआरती, दीप दान, पूजा-अर्चना और हवन देर शाम तक चलता रहा। बजरंगी स्थल पर ध्वजारोहण भी हुआ। भक्तगण की भीड़ श्रद्धा से बाबा के चरणों में झुककर आशीर्वाद लेते रहे। दरबार पहुंचने वाले हर श्रद्धालु ने बाबा की धूनी स्थल से भभूत अपने साथ ले जाना नहीं भूला। देर शाम गंगा मैया की भव्य आरती और दीपदान का आयोजन हुआ, जिसने भक्तों को भाव-विभोर कर दिया। आज पूजा – अर्चना, ब्राह्मण व कुंवारी कन्या पूजन सह भोजन के साथ अनुष्ठान सम्पन्न होगा।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: