5
(1)

@ संविधान की मूल आत्मा पर हमले के खिलाफ सड़क पर उतरने की जरूरत : वक्ता

प्रदीप विद्रोही

भागलपुर। भारतीय संविधान महज कानून की किताब नहीं, बल्कि आजादी आंदोलन के संघर्षों, सपनों और विभिन्न समुदायों से किए गए वायदों का दस्तावेज है। यह हमें प्रजा से नागरिक बनाता है। संविधान की इसी मूल भावना और मौजूदा चुनौतियों पर 25 नवंबर को संविधान दिवस की पूर्व संध्या पर कला केंद्र में पीस सेंटर परिधि की ओर से विमर्श आयोजित किया गया। विषय था – ‘आजादी आंदोलन के मूल्यों के वास्ते : संविधान के रास्ते’।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. डॉ. मनोज कुमार ने की तथा संचालन और संयोजन उदय ने किया। उदय ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से संविधान की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान आजादी आंदोलन की देन है। इसमें विभिन्न समुदायों, भाषाओं, क्षेत्रों और सांस्कृतिक समूहों के साथ किए गए वायदों को जगह मिली है। भक्ति-सूफी परंपरा और सामाजिक-सांस्कृतिक सुधार आंदोलनों का प्रभाव भी इसकी मूल भावना में दिखाई देता है।

उन्होंने कहा कि संघीय ढांचा, पांचवीं और छठी अनुसूची, बहुदलीय संसदीय लोकतंत्र, धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्वतंत्रता और मौलिक अधिकार विविधताओं से भरे भारत को मजबूत राष्ट्र बनाने की संवैधानिक परिकल्पना के हिस्से हैं। सत्ता संतुलन के लिए विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका के बीच शक्तियों का विभाजन किया गया है।डॉ. योगेंद्र ने जनता की संप्रभुता को संविधान की सबसे बड़ी देन बताया। उन्होंने पंचायती राज को मजबूत बनाने के प्रावधानों पर भी अपनी बात रखी।

अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. मनोज कुमार ने कहा कि संविधान की प्रस्तावना उसकी दिशा निर्धारित करती है। आज संविधान की मूल आत्मा पर हमला हो रहा है। आजादी आंदोलन के मूल्यों को नकारने वाली धारणाएं स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास को कमजोर करने का प्रयास हैं।

डॉ. मनोज मीता ने संविधान और आजादी आंदोलन के मूल्यों की रक्षा के लिए सड़क पर उतरकर संघर्ष करने की जरूरत बताई। जिनी हमीदी ने संविधान में हुए लगभग 400 संशोधनों का उल्लेख करते हुए इसकी लचीली प्रकृति पर चर्चा की। दिव्या गुप्ता ने शिक्षा को मौलिक अधिकार बनाए जाने के बावजूद सरकारी शिक्षा व्यवस्था को कमजोर किए जाने पर चिंता जताई। यास्मीन बानो ने संवैधानिक नागरिकता की अवधारणा पर विचार रखे।

कार्यक्रम में डॉ. सुनील अग्रवाल, मृदुला सिंह, स्मिता कुमारी, मो. जिया, मिंटू कलाकार, करीम अंसारी, भरत, मनोज, योगेंद्र सहनी, शाहबाज सहित अन्य लोगों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं का साझा जोर इस बात पर था कि संविधान की रक्षा का अर्थ आजादी आंदोलन से हासिल लोकतांत्रिक, धर्मनिरपेक्ष, समानता और विविधता के मूल्यों की रक्षा करना है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: