
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। छठ पर्व के दौरान ट्रेन में महिला के गले से सोने की चेन काटने की घटना का मामला अब कहलगांव के बाजार तक पहुंच गया है। कहलगांव के पार्क चौक पर चेन छिनतई की घटना से कथित तौर पर जुड़े एक संदिग्ध युवक को देखते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। फिर क्या था, लोगों ने युवक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई शुरू कर दी। देखते ही देखते पार्क चौक पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और बाजार में अफरा-तफरी मच गई।
इस घटना से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, अखबार वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।

मिली जानकारी के अनुसार, पिछले दिनों छठ पर्व के दौरान कहलगांव रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ने के दौरान एक महिला के गले से सोने की चेन काट ली गई थी। पर्व के मौके पर स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ थी। इसी भीड़ का फायदा उठाकर महिला को निशाना बनाए जाने की बात सामने आई थी। इस घटना ने रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए थे।
बताया जा रहा है कि इसी चेन छिनतई की घटना से जुड़े होने के संदेह में युवक को कहलगांव के पार्क चौक स्थित बाजार में लोगों ने पहचान लिया। इसके बाद लोगों ने उसे घेर लिया और देखते ही देखते उसकी पिटाई शुरू कर दी। अचानक हुए इस घटनाक्रम से बाजार में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। दुकानदारों और राहगीरों की भीड़ तमाशबीन बनकर जुट गई।
सवालों के घेरे में सुरक्षा व्यवस्था
छठ जैसे बड़े पर्व के दौरान रेलवे स्टेशन पर महिला के गले से सोने की चेन काट लिए जाने की घटना और उसके बाद बाजार में संदिग्ध युवक की पिटाई ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर भीड़भाड़ वाले रेलवे स्टेशन पर चेन छिनतई की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कितनी मुस्तैद है? वहीं, बाजार में कानून को अपने हाथ में लेकर किसी संदिग्ध की पिटाई करना भी गंभीर चिंता का विषय है।
हालांकि, युवक की पहचान और चेन छिनतई की घटना में उसकी संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। यह भी स्पष्ट नहीं है कि मामले में पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया है या नहीं।















