
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। सैंडिस कंपाउंड में आयोजित राज्य स्तरीय विद्यालय तीरंदाजी बालक प्रतियोगिता 2026-27 का गुरुवार को समापन हुआ। अंडर-19 वर्ग के इंडियन राउंड में पटना के आयुष कुमार ने 655 अंकों के साथ प्रथम स्थान हासिल किया। राहुल कुमार 636 अंकों के साथ दूसरे और पीयूष कुमार केशरी 628 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
रिकर्व राउंड में भागलपुर के हिमांशु कुमार ने 252 अंक हासिल कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। मगध प्रमंडल के बंटी कुमार दूसरे और मुंगेर प्रमंडल के इंद्रजीत कुमार भगत तीसरे स्थान पर रहे। वहीं, कंपाउंड राउंड में मगध प्रमंडल के आदर्श कुमार 338 अंकों के साथ विजेता बने। पटना के नयन कुमार दूसरे और बीएसएसए के हर्ष नंद तीसरे स्थान पर रहे।
राष्ट्रीय स्तर पर बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे चयनित खिलाड़ी

प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे। जिला खेल पदाधिकारी मो. शमीम अंसारी ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले प्रभारी जिलाधिकारी, जिला प्रशासन, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, तकनीकी पदाधिकारियों, निर्णायकों, प्रशिक्षकों, आयोजन कर्मियों एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
समापन समारोह में अपर समाहर्ता राकेश रंजन, एसडीओ विकास कुमार सहित अन्य अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। खिलाड़ियों ने जिला प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई गई बेहतर खेल सुविधाओं के साथ भोजन एवं आवासन की व्यवस्थाओं की भी सराहना की।















