0
(0)

@ कहलगांव की सिंचाई कॉलोनी और कागजी टोला में आयोजित कार्यक्रम में युवाओं, महिलाओं, मछुआरों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने लिया हिस्सा।

प्रदीप विद्रोही

भागलपुर। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को परिधि की ओर से कहलगांव की सिंचाई कॉलोनी और कागजी टोला में जनसंवाद आयोजित किया गया। इसमें बड़ी संख्या में युवाओं, मछुआरों, महिलाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। पर्चा वितरण, पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन, डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शन और खुली चर्चा के माध्यम से संविधान की मूल भावना तथा मौलिक अधिकारों पर विमर्श किया गया। साथ ही संविधान के मूल उद्देश्यों के साथ हो रहे खिलवाड़ के मुद्दे भी उठाए गए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सुनील सहनी ने की, जबकि संचालन योगेंद्र सहनी ने किया। परिधि के निदेशक उदय ने संविधान की प्रस्तावना और मौलिक अधिकारों की महत्ता बताते हुए कहा कि शिक्षा को मौलिक अधिकार बनाने से लेकर मुफ्त एवं अनिवार्य शिक्षा कानून (आरटीई) लागू होने तक संविधान की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। 86वें संविधान संशोधन के तहत शिक्षा को अनुच्छेद 21-ए में शामिल किया गया। अनुच्छेद 45 और 51-ए (के) में भी शिक्षा से संबंधित प्रावधान हैं।

उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा कानून, भूमि सुधार, जमींदारी उन्मूलन और सीलिंग कानून जैसी व्यवस्थाओं के पीछे भी संविधान की मूल भावना और सामाजिक न्याय का संकल्प रहा है। संविधान समानता का अधिकार देता है और जाति, धर्म, लिंग, नस्ल, भाषा, संस्कृति तथा क्षेत्र के आधार पर भेदभाव को निषिद्ध करता है। छुआछूत के उन्मूलन और सामाजिक समानता की दिशा में भी संविधान ने महत्वपूर्ण आधार प्रदान किया है। उदय ने कहा कि संविधान को मजबूत बनाकर ही बुद्ध, आंबेडकर, भगत सिंह, सुभाषचंद्र बोस और कर्पूरी ठाकुर के सपनों का समाज बनाया जा सकता है। कार्यक्रम में रमजानी, मनोज सहनी, शुकदेव सहनी, आयुक्ता, प्रिंस, रेशमा और अनिल सहनी सहित कई लोगों ने सक्रिय भागीदारी की।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: