
47 टूटते परिवार जुड़े, 72 मामलों मे सुलह की कोशिश जारी
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। संविधान की ताकत सिर्फ अदालतों और कानून की किताबों तक सीमित नहीं है। यह महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा और न्याय दिलाने के साथ टूटते रिश्तों को भी नई उम्मीद देने का माध्यम बन रहा है। भागलपुर के ‘वन स्टाप सेंटर’ (सखी केंद्र) के आंकड़े इसकी तस्वीर पेश करते हैं। यहां पिछले 19 महीनों में 432 मामलों में काउंसलिंग की गई, जिनमें 47 टूटते परिवार फिर से बसाने में सफलता मिली है। वहीं, 72 मामलों में अब भी काउंसलिंग और सुलह की प्रक्रिया जारी है।

ये आंकड़े बताते हैं कि संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूकता, संवाद और संस्थागत सहयोग से सामाजिक स्तर पर किस तरह सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। खासकर उन महिलाओं के लिए, जो घरेलू विवाद, उत्पीड़न, सामाजिक दबाव और पारिवारिक कलह के बीच खुद को अकेला महसूस करती हैं।लोकलाज व सामाजिक दबाव में चुप रहने के बजाय भागलपुर की कई युवतियों ने संवैधानिक अधिकार का हथियार उठाते हुए अपनी नई पारी की शुरुआत की है। जिसे समाज और परिवार की स्वीकृति मिली।
19 माह में 432 मामलों तक पहुंचा मदद का हाथ:
वन स्टाप सेंटर में आने वाले मामलों में महिलाओं की विभिन्न समस्याएं शामिल हैं। कहीं पारिवारिक विवाद है तो कहीं पति-पत्नी के बीच बढ़ती दूरियां, घरेलू हिंसा और सामाजिक दबाव। ऐसे मामलों में केंद्र की ओर से पीड़ित महिलाओं की बात सुनने, उन्हें कानूनी अधिकारों की जानकारी देने और संबंधित पक्षों के साथ काउंसलिंग के माध्यम से समाधान तलाशने का प्रयास किया जाता है।
बकौल केंद्र प्रशासक मोना कुमारी – पिछले 19 महीनों में 432 मामलों में काउंसलिंग की गई। इनमें से 47 परिवारों को फिर से जोड़ने में सफलता मिली है, जबकि 72 मामलों में प्रक्रिया अभी जारी है। यह पहल केवल विवाद सुलझाने तक सीमित नहीं, बल्कि महिलाओं को उनके अधिकारों और सम्मान के प्रति जागरूक करने का भी माध्यम है।
संविधान के तीन अनुच्छेद बनते हैं महिलाओं का सुरक्षा कवच:
भारतीय संविधान महिलाओं को समानता, स्वतंत्रता और गरिमापूर्ण जीवन का अधिकार देता है। अनुच्छेद 14 कानून के समक्ष समानता सुनिश्चित करता है, अनुच्छेद 15 लिंग के आधार पर भेदभाव के विरुद्ध संरक्षण देता है, जबकि अनुच्छेद 21 प्रत्येक व्यक्ति को जीवन और व्यक्तिगत स्वतंत्रता का अधिकार प्रदान करता है।
इन्हीं संवैधानिक मूल्यों को जमीन पर उतारने में ‘वन स्टाप सेंटर’ और महिला हेल्पलाइन 181 जैसी व्यवस्थाओं की अहम भूमिका है। संकटग्रस्त महिलाओं को एक ही छत के नीचे काउंसलिंग, पुलिस सहायता और विधिक सहयोग उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
अधिकारों की जानकारी से टूटता है चुप्पी का घेरा:
आपराधिक मामलों के जानकार अधिवक्ता वीरेंद्र कुमार पांडेय कहते हैं कि संविधान महिलाओं को समानता, गरिमा और न्याय के साथ जीवन जीने का अधिकार देता है। वन स्टाप सेंटर जैसी संस्थाएं इन अधिकारों को व्यवहार में उतारने का माध्यम हैं। जब महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होती हैं, तो वे सामाजिक दबाव और लोकलाज के भय से बाहर निकलकर न्याय और सम्मान के लिए आवाज उठा सकती हैं।
( बॉक्स खबर )
आगंतुक प्रविष्टि – कुल आगंतुक प्रविष्टियां: 5,623, पिछले वर्ष: 3,400, चालू वर्ष: 2,223 यानी रोज औसतन 11 महिलाएं मदद के लिए पहुंच रही हैं।
किस तरह के मामले दर्ज हुए?
घरेलू हिंसा 263, दहेज प्रताड़ना 73, यौन उत्पीड़न 9, अन्य 87
कुल – 432
निष्पादन में क्या-क्या हुआ?
47 परिवार – काउंसलिंग से फिर से बस गए, 65 मामलों में पुलिस कार्रवाई / FIR हुई, 8 महिलाओं को अस्थायी आश्रय मिला, 2 महिलाओं को निःशुल्क कानूनी सहायता मिली। सभी 432 मामलों में काउंसलिंग की गई।















