0
(0)

अधिकारियों और जवानों ने किया संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन, संविधान के सम्मान एवं कर्तव्यों के प्रति निष्ठा का लिया संकल्प

पूर्णिया, क्षेत्रक मुख्यालय, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), पूर्णिया में गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर प्रस्तावना वाचन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन क्षेत्रक मुख्यालय के उप महानिरीक्षक श्री मधुकर अमिताभ के निर्देशानुसार तथा कमांडेंट (प्रशासन) श्री जनार्दन मिश्रा की अध्यक्षता में किया गया।

इस अवसर पर प्रातः 11 बजे संविधान की प्रस्तावना (उद्देशिका) के सामूहिक वाचन का कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान कमांडेंट श्री जनार्दन मिश्रा ने संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया, जिसे उपस्थित सभी अधिकारियों एवं जवानों ने एक साथ दोहराया। प्रस्तावना वाचन के माध्यम से सभी बलकर्मियों ने भारतीय संविधान के प्रति सम्मान, उसकी मूल भावना के अनुरूप कार्य करने तथा पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कमांडेंट श्री मिश्रा ने संविधान के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि 26 नवंबर 1949 को भारत का संविधान बनकर तैयार हुआ था। हमारा संविधान प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, न्याय और स्वतंत्रता की गारंटी देता है। यह देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने का आधार है। इसलिए संविधान में निहित मूल्यों, आदर्शों और नियमों का सम्मान करना तथा उनका पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

उन्होंने जवानों को संविधान की भावना के अनुरूप अपने दायित्वों का निर्वहन करने और राष्ट्रसेवा के प्रति सदैव समर्पित रहने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में क्षेत्रक मुख्यालय, सशस्त्र सीमा बल, पूर्णिया के सभी अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंत में सभी बलकर्मियों ने देश की सेवा, संविधान के मूल्यों की रक्षा तथा अपने कर्तव्यों के प्रति सदैव निष्ठावान रहने का संकल्प दोहराया।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: