0
(0)

@ भागलपुर से पटना, कटिहार और सासाराम तक एक साथ छापेमारी, 2013 से 2026 तक की संपत्ति का खंगाला जा रहा हिसाब; नवगछिया के पैतृक आवास से फिलहाल नहीं मिला जब्ती योग्य दस्तावेज।

प्रदीप विद्रोही

भागलपुर। सरकारी पद पर रहते हुए आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता अजीत कुमार दास निगरानी विभाग के रडार पर आ गए हैं। गुरुवार को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने उनके चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर दी। भागलपुर, पटना, कटिहार और सासाराम में चल रही इस कार्रवाई से विभागीय महकमे में हलचल मच गई है। अभियंता पर डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है।

निगरानी विभाग के अनुसार, गोपनीय शिकायत मिलने के बाद प्रारंभिक जांच की गई थी। आरोपों में प्रथमदृष्टया मामला सामने आने पर 23 नवंबर 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद गुरुवार को चारों ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान शुरू किया गया।

तेतरी स्थित पैतृक आवास पर दो घंटे चली तलाशी

निगरानी टीम सबसे पहले नवगछिया थाना क्षेत्र के तेतरी जीरो माइल के समीप स्थित अजीत कुमार दास के पैतृक आवास पहुंची। दोपहर करीब 12 बजे शुरू हुई तलाशी लगभग दो घंटे तक चली। हालांकि, यहां से फिलहाल ऐसा कोई दस्तावेज या साक्ष्य नहीं मिला, जिसे जब्त किया जा सके। अन्य ठिकानों पर तलाशी की कार्रवाई जारी है।

13 साल की कमाई का खुलेगा हिसाब!

निगरानी विभाग ने वर्ष 2013 से 2026 तक की अवधि को जांच के दायरे में रखा है। इस दौरान अभियंता की वैध आय, अर्जित संपत्ति, संभावित निवेश, बैंक खातों और वित्तीय लेन-देन की पड़ताल की जा रही है। जांच का मुख्य आधार उनकी ज्ञात आय और अर्जित संपत्ति के बीच का अंतर है।

पटना में बंद मिला आवास, कटिहार में किराये के मकान पर भी नजर

निगरानी की टीमें पटना, भागलपुर, कटिहार और सासाराम में तलाशी ले रही हैं। पटना स्थित आवास बंद मिलने पर वहां मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। वहीं, अधिकारी वर्तमान में कटिहार में किराये के मकान में रह रहे हैं, जहां भी निगरानी टीम जांच और तलाशी कर रही है।

शिकायत से FIR और अब चार ठिकानों पर छापेमारी

पटना विजिलेंस के सीनियर एसपी विकास कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, अजीत कुमार दास के खिलाफ गोपनीय शिकायत मिलने के बाद प्रारंभिक जांच कराई गई थी। आय से अधिक संपत्ति का मामला सामने आने पर प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद चार स्थानों पर एक साथ गृह तलाशी की कार्रवाई शुरू की गई है।

उन्होंने बताया कि तलाशी में मिलने वाले दस्तावेजों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। फिलहाल निगरानी विभाग की जांच और छापेमारी जारी है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि चारों ठिकानों की तलाशी में संपत्ति और निवेश से जुड़े कौन-कौन से राज सामने आते हैं।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: