5
(1)

ट्यूशन से लौटने के बाद नदी में नहाने गया था अल्तमश, पैर फिसलने से गहरे पानी में चला गया

नवगछिया। रंगरा थाना क्षेत्र के जहांगीरपुर बैसी में कोसी नदी में नहाने के दौरान डूबने से एक बालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान जहांगीरपुर बैसी निवासी महरूआलम के पुत्र मु. अल्तमश के रूप में हुई है। वह तीसरी कक्षा का छात्र था। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक के पिता महरूआलम ने बताया कि अल्तमश ट्यूशन पढ़कर घर आया था। घर पहुंचकर उसने अपनी कॉपी-किताब रखी और इसके बाद घर के पास स्थित कोसी नदी में नहाने चला गया। नहाने के दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे डूबता देखकर नदी में साथ नहा रहे उसके साथियों ने गांव पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलने के बाद ग्रामीणों ने नदी में तलाश शुरू की। ग्रामीण गोताखोरों की मदद से काफी प्रयास के बाद अल्तमश के शव को नदी से बाहर निकाला गया। घटना की सूचना रंगरा थाना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलने पर रंगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया पहुंचाया। पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराने के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया।

घटना के बाद जहांगीरपुर बैसी में शोक की लहर फैल गई। एक मासूम बच्चे की असमय मौत से परिवार के साथ-साथ ग्रामीण भी मर्माहत हैं।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: