


प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। राघोपुर में बांध का कटाव सिर्फ मिट्टी और पानी की लड़ाई नहीं रह गया है। खतरा बढ़ता देख भागलपुर के सांसद अजय कुमार मंडल खुद मोर्चे पर उतर गए हैं। कटाव की सूचना मिलने के बाद से सांसद लगातार घटनास्थल पर डटे हैं और दो रातों तक आधी रात के बाद तक मौके पर रहकर बचाव कार्यों की निगरानी करते रहे। सांसद की मौजूदगी लगातार बनी हुई है। उनका जोर इस बात पर है कि राहत और बचाव का काम कागजों पर नहीं, बल्कि चौबीसों घंटे जमीन पर दिखाई दे।
राघोपुर में बांध के तेज कटाव से कई घरों और कृषि योग्य जमीनों को नुकसान पहुंचा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सांसद ने संबंधित विभाग और स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों के साथ मौके पर रहकर स्थिति का जायजा लिया।

उन्होंने अधिकारियों को कटाव रोकने के काम में तेजी लाने का निर्देश देते हुए कहा कि बालू से भरे बोरे, जियो बैग और मेगा बैग डालने का काम लगातार 24 घंटे जारी रखा जाए। सांसद का कहना है कि कुछ घंटे की ढिलाई भी आसपास के इलाकों के लिए भारी पड़ सकती है। इसलिए बचाव कार्य में किसी तरह का अंतर नहीं होना चाहिए।
सांसद अजय कुमार मंडल ने कहा कि इस समय सबसे बड़ी प्राथमिकता प्रभावित परिवारों की सुरक्षा है। लोगों को जरूरी राहत उपलब्ध कराने के साथ-साथ कटाव को जल्द से जल्द रोकना जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में नहीं आ जाती, तब तक वे खुद मौके पर रहकर बचाव कार्यों की निगरानी करते रहेंगे।
राघोपुर में इस समय मशीनें, बालू के बोरे और जियो बैग कटाव से मुकाबला कर रहे हैं, तो दूसरी ओर सांसद और प्रशासनिक अमला रात-दिन बचाव अभियान में जुटा है। अब निगाह इस बात पर है कि लगातार चल रहा यह अभियान बांध के बढ़ते कटाव को कितनी जल्दी थाम पाता है।
















