


पूर्णिया। अनगढ़ थाना क्षेत्र के धुसमल गांव में गुरुवार को 57 वर्षीय वार्ड सदस्य अशफाक अंसारी की हत्या कर दिए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक धुसमल पंचायत के वार्ड संख्या 9 के निर्वाचित वार्ड सदस्य थे। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
परिजनों के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे से 2:30 बजे के बीच गांव के ही कुछ लोग अशफाक अंसारी के घर के आंगन में घुस आए और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि नबीसता, पति अफसर आलम उर्फ मुन्ना, नैमोद्दीन, नाजमिन, खुशनूर, खुशनंती तथा नफीस ने मिलकर उनकी बेरहमी से पिटाई की। हमले के दौरान उन्हें गंभीर आंतरिक चोटें पहुंचीं, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। मृतक की पुत्री सुहाना ने अनगढ़ थाना में छह लोगों के खिलाफ लिखित आवेदन देकर हत्या का आरोप लगाया है। आवेदन में सभी आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी, परिवार की सुरक्षा तथा न्याय दिलाने की मांग की गई है।
बताया जा रहा है कि घटना के पीछे गोतिया का आपसी विवाद कारण हो सकता है, जिसको लेकर दोनों पक्षों के बीच पूर्व से तनाव चल रहा था।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य महिला आरोपी नबीसता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
















