


पूर्णिया। शहर के बाड़ी हाट वार्ड संख्या 21 में एक विकलांग बुजुर्ग महिला की किराना दुकान में चोरी की घटना सामने आई है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के पदाधिकारी सक्रिय हो गए और पीड़िता की सहायता के लिए आगे आए।
जानकारी के अनुसार, संगठन के नगर कार्यालय स्थापना कार्य के दौरान ही घटना की सूचना राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी को मिली। सूचना मिलते ही वे एक्शन मोड में आ गए और तत्काल कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही स्थानीय थाना को भी दूरभाष के माध्यम से सूचना दी गई।
नगर अध्यक्ष अमरेंद्र भगत अपनी टीम के साथ पीड़ित महिला को थाना लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिकी दर्ज कराई गई। इस दौरान नगर महामंत्री कमल रंजन, तनु सिंह, अनिकेत कुमार समेत अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
घटना के बाद नगर कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें एक संदिग्ध युवक की तस्वीर सामने आई है। संगठन ने प्रशासन से संदिग्ध की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
इस संबंध में राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने कहा कि संगठन समाज के कमजोर और जरूरतमंद लोगों के साथ मजबूती से खड़ा है और ऐसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई करते हुए दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की।
वहीं, नगर अध्यक्ष अमरेंद्र भगत ने कहा कि संगठन हमेशा जनसेवा के लिए प्रतिबद्ध है और आगे भी जरूरतमंदों की मदद करता रहेगा।
















