


पूर्णिया : पश्चिम बंगाल के आसनसोल में वर्षों से बंद पड़ा मां दुर्गा मंदिर अब श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया है। भारतीय जनता पार्टी की हालिया राजनीतिक सफलता के बीच मंदिर के द्वार खुलने से स्थानीय हिंदू समाज में उत्साह और खुशी का माहौल देखा जा रहा है। अब यह मंदिर केवल दुर्गा पूजा तक सीमित न रहकर आम दिनों में भी श्रद्धालुओं के लिए खुला रहेगा, जिससे लोगों को नियमित रूप से पूजा-अर्चना का अवसर मिल सकेगा।

जानकारी के अनुसार, आसनसोल उत्तर सीट से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार कृष्णेंदु मुखर्जी ने चुनाव के दौरान यह वादा किया था कि भाजपा की सरकार बनने पर मंदिर को आम लोगों के लिए खोला जाएगा। मंदिर के द्वार खुलने के बाद विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे ऐतिहासिक निर्णय बताया है।
आशीष गोस्वामी ने कहा कि यह केवल एक राजनीतिक उपलब्धि नहीं, बल्कि सनातन समाज के लंबे संघर्ष, आस्था और अटूट विश्वास की बड़ी जीत है। उन्होंने कहा कि यह मंदिर पहले केवल दुर्गा पूजा के दौरान ही खोला जाता था, जबकि वर्ष के बाकी समय बंद रहता था। स्थानीय हिंदू समाज लंबे समय से इसे नियमित रूप से खोलने की मांग कर रहा था, जो अब पूरी हो गई है।

उन्होंने कहा कि यह सफलता उन सभी लोगों के धैर्य, त्याग और निरंतर प्रयासों का परिणाम है, जिन्होंने वर्षों तक अपनी आस्था और सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखने के लिए संघर्ष किया। उन्होंने पश्चिम बंगाल के हिंदू समाज को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि यह परिवर्तन सकारात्मक दिशा की ओर संकेत करता है।
आगे उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक ऐसी विचारधारा पर आधारित राजनीतिक दल है, जो हिंदुत्व, संत समाज, मठ-मंदिरों और सनातन धर्म के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। यह केवल एक पार्टी नहीं, बल्कि देश की सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने वाला व्यापक आंदोलन है।

उन्होंने यह भी कहा कि हिंदू समाज सदैव प्रभु श्रीराम के आदर्शों पर चलने वाली विचारधारा के साथ खड़ा रहा है और ऐसे सभी प्रयासों का समर्थन करता है, जो राष्ट्रहित, संस्कृति और धर्म की रक्षा के लिए समर्पित हों।
अंत में आशीष गोस्वामी ने कहा कि सनातन समाज ने अपने अधिकारों और आस्था की रक्षा के लिए लंबा संघर्ष किया है और अब परिस्थितियों में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज सेवा और धार्मिक जागरूकता को और मजबूत करने की अपील भी की।
(जीएस न्यूज़)
















