


नवगछिया। अमर शहीद मुंशी साह पुस्तकालय, शहीद टोला नवगछिया में सोमवार को अमर शहीद मुंशी साह के जन्मदिवस के अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने शहीद मुंशी साह को श्रद्धांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया।
पुस्तकालय के मीडिया प्रभारी घनश्याम प्रसाद ने बताया कि शहीद मुंशी साह का जन्म 21 सितंबर 1924 को हुआ था। अंग्रेजों के खिलाफ आंदोलन के दौरान 11 अगस्त 1942 को नवगछिया माल गोदाम के पास वे गोली लगने से घायल हो गए थे। इसके बाद भागलपुर में इलाज के दौरान 13 अगस्त को वे शहीद हो गए।

शहीद मुंशी साह की स्मृति में नवगछिया के शहीद टोला में अमर शहीद मुंशी साह पुस्तकालय स्थापित है। जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पुस्तकालय से जुड़े सदस्यों एवं स्थानीय लोगों ने शहीद मुंशी साह को श्रद्धापूर्वक याद किया।
इस अवसर पर स्थानीय बच्चों के बीच मिठाई और बिस्किट का वितरण भी किया गया।

कार्यक्रम में पुस्तकालय के अध्यक्ष आरपी राकेश, सचिव सदानंद भगत, मीडिया प्रभारी घनश्याम प्रसाद, वार्ड पार्षद अशोक जायसवाल, योग के राष्ट्रीय खिलाड़ी धर्मचंद भगत, नवीन कुमार, मनीष्यम कुमार, कुमारी सीता, दयानंद प्रसाद सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
















