3.7
(3)

प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। भागलपुर के सांसद अजय कुमार मंडल ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर भागलपुर समेत आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और समग्र विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगों को लेकर मांग-पत्र सौंपा। सांसद ने विशेष रूप से भागलपुर में किसी केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के ग्रुप सेंटर तथा राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की पूर्ण बटालियन की स्थायी स्थापना की मांग प्रमुखता से रखी।
मुलाकात के दौरान सांसद अजय कुमार मंडल ने गृह मंत्री को भागलपुर और इसके आसपास के क्षेत्रों की भौगोलिक एवं प्राकृतिक परिस्थितियों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि गंगा नदी के तट पर स्थित भागलपुर के साथ-साथ नवगछिया, बांका, मुंगेर और खगड़िया जैसे इलाके प्रत्येक वर्ष बाढ़ और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित होते हैं। बाढ़ के दौरान बड़ी आबादी को विस्थापन, आवागमन बाधित होने, जलजमाव तथा राहत एवं बचाव कार्यों में आने वाली कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
सांसद ने मांग की कि भागलपुर में NDRF की एक पूर्ण बटालियन की स्थायी स्थापना की जाए, ताकि आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव दल को दूसरे स्थानों से पहुंचने का इंतजार न करना पड़े। स्थायी बटालियन की मौजूदगी से बाढ़, नाव दुर्घटना, जल आपदा तथा अन्य प्राकृतिक आपात स्थितियों में राहत एवं बचाव अभियान को अधिक तेज, प्रभावी और समयबद्ध तरीके से संचालित किया जा सकेगा।


उन्होंने कहा कि भागलपुर में NDRF की स्थायी तैनाती केवल भागलपुर जिले के लिए ही नहीं, बल्कि आसपास के कई जिलों के लिए भी महत्वपूर्ण साबित होगी। बाढ़ प्रभावित नवगछिया, मुंगेर और खगड़िया समेत सीमावर्ती क्षेत्रों में किसी भी आपदा की स्थिति में कम समय में बचाव दल और आवश्यक संसाधन पहुंचाए जा सकेंगे। इससे जान-माल के नुकसान को कम करने में भी मदद मिलेगी।
इसके अलावा सांसद ने भागलपुर में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों—CRPF, BSF, SSB, CISF या ITBP—में से किसी एक बल के ग्रुप सेंटर की स्थापना की भी मांग रखी। उन्होंने कहा कि भागलपुर में केंद्रीय सुरक्षा बल के ग्रुप सेंटर की स्थापना से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। साथ ही इससे प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे तथा स्थानीय व्यापार, परिवहन, आवास, बाजार और अन्य आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
सांसद ने गृह मंत्री के समक्ष भागलपुर की रणनीतिक एवं भौगोलिक स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि यह क्षेत्र पूर्वी बिहार का एक महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां केंद्रीय सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन से जुड़ी संस्थाओं की स्थायी मौजूदगी क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।
मुलाकात के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सांसद द्वारा रखी गई मांगों को गंभीरता से सुना। सांसद के अनुसार, गृह मंत्री ने सभी मांगों पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया है। सांसद अजय कुमार मंडल ने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार भागलपुर की सुरक्षा और आपदा प्रबंधन से जुड़ी इन महत्वपूर्ण आवश्यकताओं पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगी।
सांसद ने कहा कि भागलपुर और आसपास के जिलों में हर वर्ष आने वाली बाढ़ तथा अन्य आपदाओं को देखते हुए NDRF की स्थायी बटालियन की स्थापना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। वहीं केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के ग्रुप सेंटर की स्थापना से सुरक्षा के साथ-साथ क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 3.7 / 5. Vote count: 3

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: