


भागलपुर। भागलपुर जिले के कजरैली थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह सड़क हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना गौराचक्की के समीप उस समय हुई जब एक अनियंत्रित तीन पहिया सीएनजी वाहन ने युवक को जोरदार टक्कर मार दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान रघु सिंह के रूप में हुई है, जो पेशे से पेंट मिस्त्री बताया जा रहा है। बताया जाता है कि रघु सिंह सुबह अपने घर से काम की तलाश में निकले थे। गौराचक्की के पास उन्होंने अपनी बाइक खड़ी कर मोबाइल पर बातचीत करने के लिए सड़क किनारे रुक गए थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए एक तीन पहिया सीएनजी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए परिजनों को सूचना दी और घायल को तुरंत इलाज के लिए मायागंज स्थित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार घायल की स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलने के बाद कजरैली थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।















