


अररिया जिले में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला प्रशासन ने रफ्तार बढ़ा दी है। इसी क्रम में जिलाधिकारी ने बिजली विभाग की समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि अप्रैल माह तक विद्युत प्रमंडल अररिया में 212 और फारबिसगंज में 670 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इस तरह पूरे जिले में अब तक कुल 882 आवेदन मिल चुके हैं। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि योजना का लाभ जल्द से जल्द पात्र परिवारों तक पहुंचाया जाए, ताकि लोगों को सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा मिल सके और बिजली बिल में कमी आए।

जिलाधिकारी ने बैंक ऋण की प्रक्रिया को भी सरल और तेज करने पर जोर दिया, ताकि सोलर पैनल लगाने में किसी तरह की देरी न हो। उन्होंने कहा कि हर योग्य परिवार तक योजना की जानकारी पहुंचे, इसके लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए। वार्ड सदस्य, मुखिया और मीटर रीडर के माध्यम से लोगों को योजना के बारे में जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा, कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के घरों की छत पर मुफ्त सोलर पैनल लगाने के लिए सहमति पत्र भरवाने की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इस कार्य को जीविका समूहों के माध्यम से तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में विद्युत कार्यपालक अभियंता अररिया गौरव कुमार, फारबिसगंज के कार्यपालक अभियंता राजेश प्रियदर्शी समेत बिजली विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि इस योजना के माध्यम से अधिक से अधिक घरों को लाभ मिले और अररिया में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा दिया जा सके।
















