


पूर्णिया।जिला स्वास्थ्य समिति पूर्णिया के तत्वावधान में मंगलवार को नव-नियुक्त एएनएम (सहायक नर्स मिडवाइफ) के लिए जिला स्तर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना रहा।

जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति संख्या-531 के अनुसार, प्रशिक्षण कार्यक्रम में मातृ स्वास्थ्य, शिशु स्वास्थ्य, परिवार नियोजन, नियमित टीकाकरण तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिर के अंतर्गत उपलब्ध 12 सेवा पैकेजों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही यू-विन (U-WIN) पोर्टल के संचालन एवं डाटा प्रबंधन पर विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में प्रखंड स्तर से प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी (MOIC), प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक (BHM) एवं प्रखंड सामुदायिक प्रबंधक (BCM) ने सक्रिय रूप से भाग लिया। प्रशिक्षण सत्र के दौरान यूनिसेफ के कंसल्टेंट शिव शेखर आनंद ने नियमित टीकाकरण, वीएचएसएनडी एवं उच्च जोखिम गर्भावस्था की पहचान एवं रिपोर्टिंग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।

वहीं पिरामल स्वास्थ्य की टीम के लीड चंदन कुमार तथा एनीमिया कंसल्टेंट याकूब ने हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों पर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं और उनके रैंकिंग इंडिकेटर्स के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान वर्तमान हीट वेव को देखते हुए समुदाय स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने और आवश्यक सावधानियां अपनाने के निर्देश भी दिए गए। जिला अनुश्रवण एवं मूल्यांकन पदाधिकारी द्वारा HMIS एवं U-WIN पोर्टल पर टीकाकरण आंकड़ों में पाई गई विसंगतियों को प्रस्तुतीकरण के माध्यम से समझाते हुए सुधारात्मक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

अधिकारियों ने नव-नियुक्त एएनएम को यू-विन पोर्टल पर सत्र स्थलों की शत-प्रतिशत एवं समयबद्ध प्रविष्टि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बताया गया कि यह उन्मुखीकरण कार्यक्रम स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुदृढ़ करने तथा जमीनी स्तर पर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।
















