


आक्रोशित ग्रामीणों ने NH-27 किया जाम, प्रशासन पर लापरवाही का आरोप
अररिया : जिले के सिमराहा थाना क्षेत्र अंतर्गत पोठिया स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान वार्ड संख्या-6 निवासी मोहम्मद हसाबुल के पुत्र सोहेल के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार सोहेल सड़क किनारे खड़ा होकर घर जाने के लिए सड़क पार करने का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही एक पिकअप वैन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। बच्चे की मौत से आक्रोशित लोगों ने एनएच-27 को दोनों ओर से जाम कर दिया। सड़क जाम होने से हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।

ग्रामीणों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि पोठिया एनएच-27 पर भारी वाहन अक्सर गलत दिशा में चलते हैं, जिसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व भी इसी इलाके में गलत दिशा से आ रही गाड़ी की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हुई थी, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि फैक्ट्री में आने-जाने वाले वाहन नियमों की अनदेखी कर गलत लेन में चलते हैं, जिससे आम लोगों की जान हमेशा खतरे में बनी रहती है।
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने और यातायात बहाल कराने में जुटी रही।
















