0
(0)



सभी प्रखंडों के दो-दो पंचायतों में आज लगेंगे शिविर

भागलपुर : जिले में सहयोग शिविर के सफल आयोजन को लेकर सोमवार को समाहरणालय स्थित समीक्षा भवन में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं प्रखंड विकास पदाधिकारियों ने भाग लिया।


बैठक में बताया गया कि 19 मई को भागलपुर जिले के सभी प्रखंडों के दो-दो पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री के निर्देश पर पंचायत स्तर की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से प्रत्येक माह के प्रथम एवं अंतिम सप्ताह के मंगलवार को इन शिविरों का आयोजन किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि इस अभियान का औपचारिक शुभारंभ 19 मई से किया जा रहा है। सबौर प्रखंड के ममलखा पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग तथा सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री सह भागलपुर जिला के प्रभारी मंत्री शामिल होंगे।


इसके अलावा खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, बिहार के सचिव सह भागलपुर जिला के प्रभारी सचिव दीपक आनंद सुल्तानगंज एवं शाहकुंड प्रखंड में आयोजित सहयोग शिविरों का निरीक्षण करेंगे।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को शिविर में बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम लोगों के बैठने, पेयजल, शौचालय तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए। साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी के लिए फ्लेक्स एवं बैनर लगाने का भी निर्देश दिया गया।



जिलाधिकारी ने अलग-अलग प्रखंडों के अधिकारियों से शिविर की तैयारियों की जानकारी ली और समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी करने को कहा।

बैठक में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: