


नवगछिया। करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित बाबा विशु राउत सेतु का संपर्क पथ इन दिनों बदहाल स्थिति में है। नवगछिया के कदवा गोला टोला (पंचगछिया) के समीप फोरलेन सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों और उनमें जमा बारिश के पानी के कारण राहगीरों एवं वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

ग्रामीणों के अनुसार, बारिश के बाद सड़क और गड्ढों में अंतर कर पाना मुश्किल हो जाता है। विशेषकर रात के समय यह मार्ग काफी खतरनाक हो जाता है, जिससे बाइक सवार सहित अन्य वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। उनका आरोप है कि संबंधित विभाग को कई बार जानकारी देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
स्थानीय निवासी मुन्ना मंडल, योगेश कुमार, राहुल हरिजन, प्रदीप कुमार और मीना देवी ने बताया कि सड़क की जर्जर स्थिति के कारण यहां लगभग हर सप्ताह दो से तीन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिनमें लोग घायल होकर अस्पताल पहुंच रहे हैं। लगातार जलजमाव, कीचड़ और धूल के कारण वाहनों का संतुलन बिगड़ना आम बात हो गई है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं पथ निर्माण विभाग से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने तथा जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। इस संबंध में जदयू नेता प्रशांत कुमार कन्हैया ने कार्यपालक अभियंता को पत्र देकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
कार्यपालक अभियंता अरविंद कुमार गुप्ता ने बताया कि बाबा विशु राउत सेतु एवं उसके संपर्क पथ के पांचवें, छठे और सातवें किलोमीटर का हिस्सा जर्जर हो चुका है। उन्होंने कहा कि इस सड़क को ओपीआरएमसी (फेज-3) योजना में शामिल किया गया है तथा इसकी प्रक्रिया चल रही है।
















