


नवगछिया। पुलिस जिला नवगछिया की इस्माईलपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अपराध की योजना बना रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 31 कारतूस, दो हथियार एवं दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक नवगछिया के निर्देश पर अवैध शराब, मादक पदार्थ, अवैध आग्नेयास्त्र एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि इस्माईलपुर थाना क्षेत्र के छोटी परबत्ता स्थित रामचंद्र मंडल के बासा में कुछ लोग अवैध हथियारों के साथ जमा हैं।

सूचना के सत्यापन के बाद इस्माईलपुर थाना पुलिस ने छापेमारी कर छोटी परबत्ता निवासी अनिल मंडल (पिता-स्व. जगरूप मंडल) तथा बौकी मंडल (पिता-स्व. बौधी मंडल) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक देशी हथियार, एक मास्केट, 31 कारतूस तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे दियारा क्षेत्र में लोगों में दहशत फैलाने, उन्हें डराने तथा फसल लूटने की योजना से हथियारों के साथ एकत्र हुए थे।
इस मामले में इस्माईलपुर थाना कांड संख्या 133/26, दिनांक 17 जुलाई 2026 के तहत आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।















